
हाल ही में दिल्ली के एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में लगी आग की घटना में चार लोगों की मौत हो गई। इससे पहले नोएडा में भी अलग-अलग जगहों पर आग लगी थी, जिसमें एक इमारत में करीब पचास लोग फंस गए थे। उन्हें समय रहते प्रशिक्षित फायर इंजीनियरिंग विशेषज्ञों ने सुरक्षित बाहर निकाला। अखबारों में आए दिन आग की घटनाओं की खबरें देखने को मिलती हैं। ज्यादातर हादसे लापरवाही, शॉर्ट सर्किट या फिर ऐसे स्थानों पर प्रशिक्षित स्टाफ की कमी के कारण होते हैं।
इसी वजह से फायर इंजीनियरिंग से जुड़े प्रशिक्षित पेशेवरों की मांग लगातार बढ़ रही है। यदि आप इस क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं, तो पात्रता और कोर्स से जुड़ी जानकारी होना जरूरी है।
जिम्मेदारियों से भरा पेशा
फायर इंजीनियर का मुख्य कार्य इमारतों को इस तरह डिजाइन करना होता है कि आग लगने पर नुकसान कम से कम हो। इसके साथ ही आग बुझाने के लिए उपकरण और प्रणालियां विकसित करना, पुरानी इमारतों का निरीक्षण करना, संभावित खतरों का आकलन करना और जोखिम कम करने की रणनीतियां बनाना भी उनकी जिम्मेदारी होती है।
कोर्स के विकल्प
इस क्षेत्र में डिप्लोमा इन हेल्थ, सेफ्टी एंड एन्वायरनमेंट, डिप्लोमा इन फायर फाइटिंग, पीजी डिप्लोमा इन फायर एंड सेफ्टी इंजीनियरिंग, बीएससी इन फायर इंजीनियरिंग, फायर टेक्नोलॉजी एंड इंडस्ट्रियल सेफ्टी मैनेजमेंट, रेस्क्यू एंड फायर फाइटिंग जैसे कई कोर्स उपलब्ध हैं।
अवधि और प्रशिक्षण
इन कोर्स की अवधि छह महीने से लेकर तीन साल तक हो सकती है। पढ़ाई के दौरान स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं पर्यावरण प्रबंधन के साथ-साथ प्राकृतिक या मानव निर्मित आपदाओं से निपटने और जान-माल की रक्षा के वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी दी जाती है।
शैक्षणिक व व्यक्तिगत योग्यता
फायर इंजीनियरिंग में करियर बनाने के लिए डिग्री के साथ कुछ व्यक्तिगत गुणों की भी आवश्यकता होती है। साहस, धैर्य, नेतृत्व क्षमता और त्वरित निर्णय लेने की योग्यता जरूरी है। डिप्लोमा या डिग्री कोर्स में प्रवेश के लिए 12वीं कक्षा में फिजिक्स, केमिस्ट्री या गणित विषयों में न्यूनतम 50% अंक आवश्यक हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रवेश परीक्षा पास करनी होती है।
प्रमुख संस्थान
इंदिरा गांधी ओपन यूनिवर्सिटी (IGNOU), मैदान गढ़ी, नई दिल्ली – ignou.ac.in
दिल्ली इंस्टीट्यूट ऑफ फायर इंजीनियरिंग (DIFE) – dife.in
जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी (JMI) – jmi.ac.in
यह क्षेत्र न केवल रोमांचक है, बल्कि समाज में सुरक्षा और बचाव के दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण भी है।




Add comment