Edinbox Hindi

सीख है सफलता का रास्ता

अक्सर मेहनती, महत्वाकांक्षी और पूर्णता की तलाश में रहने वाले लोग मानते हैं कि अपने प्रति सख्त होना ही सफलता का आधार है। लेकिन हकीकत इससे उलट है। शोध बताते हैं कि लगातार खुद पर कठोर बने रहना शरीर को उतने ही तनाव में डाल देता है, जितना किसी वास्तविक खतरे का सामना करने पर होता है। इससे कॉर्टिसोल हार्मोन बढ़ता है और सेहत पर नकारात्मक असर पड़ता है।

इसके विपरीत, आत्म-करुणा यानी खुद के प्रति दयालु होना व्यक्ति को बर्नआउट से बचाते हुए मजबूत बनाता है। असल में यह अपनी गलतियों और कमियों को मानवीय स्वभाव का हिस्सा समझने की कला है। अच्छी बात यह है कि आत्म-करुणा को अपनाना मुश्किल नहीं, बल्कि कुछ आसान तरीकों से इसे सीखा जा सकता है।

सकारात्मक बदलाव
तनाव जीवन का स्वाभाविक हिस्सा है। यह सतर्क रखता है और काम पूरा करने में मदद करता है। लेकिन जब यह लंबे समय तक बना रहे, तो शारीरिक और मानसिक बीमारियों में बदल सकता है। इससे बचने का उपाय है शरीर के पैरासिंपैथेटिक सिस्टम को सक्रिय करना, जो सुरक्षा और सुकून की स्थिति में काम करता है। आत्म-करुणा इसी संतुलन को जगाती है। इसका असर केवल मन पर नहीं, बल्कि शरीर पर भी सकारात्मक रूप से दिखाई देता है।

सोचने का नया नजरिया
कई लोगों को लगता है कि आत्म-करुणा अपनाने से वे स्वार्थी या गैर-जिम्मेदार हो जाएंगे, लेकिन सच इसके विपरीत है। जब आप खुद के प्रति दयालु रहते हैं, तो दूसरों के लिए भी अधिक उपलब्ध रहते हैं, मुश्किलों का बेहतर सामना करते हैं और असफलताओं से जल्दी उबर जाते हैं।

आत्म-करुणा यह सिखाती है कि ‘मैं अच्छा नहीं हूं’ कहने की बजाय यह सोचना बेहतर है – ‘यह अनुभव कठिन था, अगली बार मैं क्या सीख सकता हूं?’। जब आप अपनी सीमाओं को स्वीकार करते हैं, तो दूसरों की गलतियों के प्रति भी सहानुभूति रख पाते हैं।

जिम्मेदारी की असली ताकत
यह भ्रम है कि खुद के प्रति दयालुता इंसान को आलसी बना देती है। शोध बताते हैं कि आत्म-करुणा अपनाने वाले लोग जिम्मेदारियों को और गंभीरता से निभाते हैं। वे असफलता के बाद दोबारा कोशिश करते हैं, टालमटोल से बचते हैं और सोच-समझकर फैसले लेते हैं। इसके उलट, शर्म और नकारात्मक आत्म-छवि थोड़े समय के लिए प्रदर्शन बढ़ा सकती है, लेकिन लंबे समय तक प्रेरणा बनाए नहीं रख पाती।

दबाव में स्पष्ट सोच
‘मैं बेकार हूं’ या ‘मुझे ऐसा महसूस नहीं करना चाहिए’ जैसी सोच अपनाने की बजाय अगर आप कहें – ‘यह कठिन है’ या ‘मैं अकेला नहीं हूं, सभी ऐसा महसूस करते हैं’, तो दबाव कम होता है। फिर खुद से यह पूछना, ‘अब मेरा अगला कदम क्या होना चाहिए?’ आपकी सोच को साफ और समाधान-उन्मुख बनाए रखता है।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed