
क्या आपको अक्सर लगता है कि आपका काम करने का तरीका बिगड़ गया है? इसका कारण दो चीजें हो सकती हैं—तकनीक और पुरानी आदतें। जैसे ही आप काम पर बैठते हैं, मोबाइल का नोटिफिकेशन ध्यान खींच लेता है या इंटरनेट ब्राउज़ करने का मन करने लगता है। इसके साथ ही काम टालने की आदत भी बड़ी रुकावट है। नतीजा यह होता है कि आप दिनभर व्यस्त तो रहते हैं, लेकिन संतोषजनक परिणाम नहीं मिलते।
शोध बताते हैं कि कुछ आसान तरीके अपनाकर इन आंतरिक और बाहरी रुकावटों को कम किया जा सकता है। ये उपाय न केवल ऑफिस में बल्कि व्यक्तिगत जीवन में भी कारगर हैं। ज़रूरत बस थोड़ी लगन और निरंतर अभ्यास की है।
1. असरदार टू-डू लिस्ट बनाएं
हर दिन की शुरुआत छोटी और पूरी की जा सकने वाली प्राथमिकताओं से करें। एक टू-डू लिस्ट तैयार करें—कागज पर या किसी ऐप में। इसमें सिर्फ वे काम लिखें जिन्हें उसी दिन या अगले दिन पूरा करना संभव हो। इससे अनावश्यक बोझ घटेगा और फोकस बढ़ेगा।
2. तन और मन का संतुलन रखें
काम शुरू करने से पहले अपने बैठने के तरीके पर ध्यान दें—पीठ सीधी, पैर जमीन पर, कंधे ढीले और सांसें सहज। पहले 10 मिनट बिना रुके पूरी तरह काम पर फोकस करें। दिनभर हर 15-20 मिनट में थोड़ी देर खड़े होकर चहलकदमी करें। छोटे-छोटे ब्रेक से दिमाग और शरीर दोनों तरोताज़ा रहते हैं।
3. भटकाव से दूरी बनाएं
किसी बड़े काम पर कम से कम 2 घंटे तक ध्यान केंद्रित करने की कोशिश करें। अगर संभव न हो, तो दो-तीन छोटे काम चुनें। इसके लिए समय पहले से तय करें और काम को हिस्सों में बांटें। साथ ही, आसपास के लोगों को बता दें कि इस दौरान आपको न रोका जाए। ई-मेल, सोशल मीडिया और फोन नोटिफिकेशन को बंद कर दें और ज़रूरत पड़ने पर ही उनका उपयोग करें।




Add comment