Edinbox Hindi
B.Sc. Agriculture Admission: Top Colleges and Major Entrance Exams

ऑनलाइन कोर्स चुनते समय इन बातों का रखें ध्यान, नहीं तो हो सकता है बड़ा नुकसान

Keep these things in mind when choosing an online course

ऑनलाइन शिक्षा आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुकी है। तकनीक और इंटरनेट की बढ़ती पहुंच ने पढ़ाई के तरीकों को पूरी तरह बदल दिया है। स्कूल, कॉलेज से लेकर प्रोफेशनल ट्रेनिंग तक अब हर चीज़ ऑनलाइन संभव है। लेकिन इसी सुविधा के बीच कई फर्जी ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म और धोखाधड़ी वाले कोर्स भी सामने आए हैं। इसलिए किसी भी ऑनलाइन कोर्स में दाखिला लेने से पहले उसकी मान्यता, विश्वसनीयता और प्रामाणिकता की जांच करना बेहद जरूरी है।

 

  1. संस्थान की मान्यता जरूर जांचें

ऑनलाइन शिक्षा में सबसे पहले यह देखना जरूरी है कि जिस संस्थान से आप कोर्स कर रहे हैं, वह मान्यता प्राप्त है या नहीं। LinkedIn Learning, Coursera, Udemy, edX जैसे अंतरराष्ट्रीय प्लेटफ़ॉर्म अपनी गुणवत्ता और प्रमाणिकता के लिए जाने जाते हैं।

 

अगर आप किसी भारतीय संस्थान या नए ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म से कोर्स करना चाहते हैं, तो यूजीसी (UGC) और AICTE की वेबसाइट पर उसकी मान्यता जांचें। ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ODL) के लिए छात्र deb.ugc.ac.in वेबसाइट पर जाकर यह देख सकते हैं कि कौन-से संस्थान और कोर्स मान्य हैं। साथ ही संस्थान की NIRF रैंकिंग और छात्रों के रिव्यू पढ़ना भी उपयोगी रहेगा।

 

  1. अपने करिअर लक्ष्यों के अनुसार कोर्स चुनें

हर कोर्स हर किसी के लिए उपयुक्त नहीं होता। किसी को स्किल डेवलपमेंट की जरूरत होती है तो किसी को डिग्री की। इसलिए कोर्स चुनते समय यह स्पष्ट करें कि यह आपके कैरिअर लक्ष्य या कौशल विकास में कितना सहायक होगा।

 

कई संस्थान, जैसे IIMs या IITs, अपने एग्जीक्यूटिव या हाइब्रिड कोर्स में कुछ हिस्सा ऑफलाइन भी अनिवार्य करते हैं। इसलिए दाखिला लेने से पहले यह जरूर जांचें कि कोर्स पूरी तरह ऑनलाइन है या उसमें क्लासरूम सत्र भी शामिल हैं।

 

  1. फीस और तकनीकी जरूरतों को समझें

कोर्स की फीस और उससे जुड़ी सभी शर्तें पहले से जान लेना जरूरी है। फीस में क्या-क्या शामिल है? कोई अतिरिक्त या छिपा हुआ शुल्क तो नहीं है? पेमेंट, रिफंड और कैंसलेशन की शर्तें क्या हैं?

 

इन सवालों के जवाब मिलने के बाद ही कोर्स चुनें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि आपके पास स्थिर इंटरनेट कनेक्शन, लैपटॉप या स्मार्टफोन जैसी तकनीकी सुविधाएं हैं, ताकि तकनीकी कारणों से पढ़ाई बाधित न हो।

 

  1. सहायता और पारदर्शिता जरूरी है

कई बार छात्र ऑनलाइन कक्षाओं के दौरान तकनीकी या अकादमिक दिक्कतों का सामना करते हैं। ऐसे में संस्थान का सपोर्ट सिस्टम मजबूत होना चाहिए। देखें कि संस्था ईमेल, चैट या कॉल के जरिए कितनी तेजी से मदद करती है। इसके अलावा, मूल्यांकन प्रक्रिया (grading system) भी स्पष्ट होनी चाहिए ताकि छात्रों को अपने प्रदर्शन को लेकर भ्रम न रहे।

 

  1. प्रतिबंधित कोर्स से बचें

यूजीसी के 2020 के नियमों के अनुसार कुछ कोर्स ODL (Open and Distance Learning) या ऑनलाइन मोड में नहीं किए जा सकते, जैसे— इंजीनियरिंग (Engineering), कानून (Law), मेडिकल (Medical)। ऐसे कोर्सों की ऑनलाइन पेशकश पर भरोसा न करें। इसके अलावा, सिलेबस देखकर यह भी सुनिश्चित करें कि उसमें वीडियो लेक्चर, लाइव क्लास, रीडिंग मैटीरियल और प्रैक्टिकल प्रोजेक्ट्स का संतुलित मिश्रण हो।

सावधानी ही सुरक्षा है

ऑनलाइन कोर्स समय और स्थान की सीमाओं को तोड़कर शिक्षा को सबके लिए सुलभ बना रहे हैं। लेकिन इस सुविधा के साथ जिम्मेदारी भी जुड़ी है — सही प्लेटफ़ॉर्म, सही कोर्स और सही उद्देश्य चुनने की। थोड़ी सतर्कता न केवल आपके पैसे और समय की रक्षा करेगी, बल्कि आपके भविष्य को भी दिशा देगी। 

एडइनबॉक्स टीम

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed