Edinbox Hindi
how-business-schools-are-reinventing-mbas-for-the-digital-age

कोरियाई भाषा सीखना: भारतीय युवाओं के लिए नया कॅरिअर अवसर

learning-korean-new-career-opportunities-for-indian-youth

पिछले कुछ वर्षों में कोरियाई संस्कृति की लहर, जिसे ‘हल्लु’ कहा जाता है, पूरी दुनिया में तेजी से फैल रही है। भारत भी इससे अछूता नहीं रहा। के-पॉप, के-ड्रामा और कोरियाई सिनेमा की लोकप्रियता ने न केवल मनोरंजन जगत को प्रभावित किया है, बल्कि हजारों भारतीय युवाओं को कोरियाई भाषा सीखने के लिए प्रेरित किया है।

 

आने वाले वर्षों में भारत और दक्षिण कोरिया के बीच व्यापार, शिक्षा, प्रौद्योगिकी और पर्यटन के बढ़ते संबंधों से कोरियाई भाषा सीखने वालों के लिए अवसर और भी बढ़ेंगे। अब यह सिर्फ एक भाषा नहीं, बल्कि एक सशक्त कॅरिअर निवेश बन चुकी है।

 

भाषा की सरलता और बढ़ती लोकप्रियता

कोरियाई लिपि ‘हांगुल’ अपनी तार्किक और सरल संरचना के कारण सीखने में आसान मानी जाती है। आज कई छात्र ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म, सबटाइटल्स और गीतों के ज़रिये कोरियाई भाषा का अभ्यास कर रहे हैं।

 

‘अनन्योंगहासेयो’ (नमस्ते) और ‘खामसाहामनिदा’ (धन्यवाद) जैसे शब्द अब भारतीय युवाओं की ज़ुबान पर चढ़ चुके हैं। कई विद्यार्थी तो अपने नाम हांगुल में लिखने का शौक भी रखते हैं।

 

शिक्षण संस्थानों में कोरियाई पाठ्यक्रम

भारतीय विश्वविद्यालयों और सांस्कृतिक संस्थानों ने युवाओं की इस बढ़ती रुचि को देखते हुए कोरियाई भाषा के पाठ्यक्रम शुरू किए हैं। नई दिल्ली स्थित कोरियाई सांस्कृतिक केंद्र (Korean Cultural Centre India) इसके प्रमुख उदाहरणों में से एक है।

 

इसके अलावा, कई इंजीनियरिंग और प्रबंधन संस्थानों में अब प्रथम वर्ष के छात्रों के लिए कोरियाई भाषा को वैकल्पिक विषय के रूप में शामिल किया गया है।

 

संस्कृति से जुड़ाव और संवेदनशीलता

कोरियाई संस्कृति केवल भाषा तक सीमित नहीं है — यह मानवीय संवेदनशीलता, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक सामंजस्य का प्रतीक है। बड़ों का सम्मान, रिश्तों में अपनापन और समाज के प्रति जिम्मेदारी जैसे मूल्य भारतीय संस्कृति से गहराई से मेल खाते हैं।

 

हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया से सीखी गई भाषा की सीमाएं होती हैं। इसलिए विद्यार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे डिजिटल माध्यम के साथ-साथ औपचारिक कक्षाओं में भी भाषा का अध्ययन करें, ताकि उच्चारण, व्याकरण और अभिव्यक्ति का सही ज्ञान हो सके।

 

रोज़गार और कॅरिअर के नए अवसर

भारत में सैमसंग, ह्युंडई, एलजी, किआ और पोस्को जैसी बड़ी कोरियाई कंपनियों को ऐसे कर्मचारियों की ज़रूरत होती है जो कोरियाई भाषा और कार्यसंस्कृति को समझते हों। इसके अलावा अनुवादक, दुभाषिया, टूर गाइड, मीडिया सबटाइटलर, कंटेंट क्रिएटर और अंतरराष्ट्रीय व्यापार सलाहकार जैसे क्षेत्रों में भी कोरियाई भाषा विशेषज्ञों की मांग तेजी से बढ़ रही है।

 

कोरियाई दूतावास, सांस्कृतिक केंद्र और विभिन्न विश्वविद्यालय भी प्रशिक्षित शिक्षकों की तलाश में रहते हैं। वहीं, फ्रीलांसिंग, ऑनलाइन शिक्षण, यूट्यूब कंटेंट निर्माण और मीडिया कार्यों में भी यह भाषा नई संभावनाओं के द्वार खोल रही है।

कोरियाई भाषा अब केवल एक विदेशी भाषा नहीं रही, बल्कि यह भारत और दक्षिण कोरिया के बीच बढ़ते सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों का सेतु बन चुकी है।

जो युवा नई दिशा में कॅरिअर तलाश रहे हैं, उनके लिए कोरियाई भाषा सीखना न सिर्फ़ ज्ञानवर्धक है, बल्कि भविष्य में एक मजबूत पेशेवर पहचान भी साबित हो सकता है। 

एडइनबॉक्स टीम

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed