
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। सांसदों के विरोध के बाद उन्होंने यह फैसला लिया। उन्होंने लिबरल पार्टी के नेता का पद भी छोड़ दिया है। हालांकि जस्टिन ट्रूडो लिबरल पार्टी के नए नेता के चुने जाने तक प्रधानमंत्री के पद पर बने रहेंगे। जस्टिन ट्रूडो कनाडा ही नहीं दुनिया के सबसे अमीर राजनेताओं में से एक हैं। उन्हें अपने पिता की 4 करोड़ डॉलर की पारिवारिक संपत्ति विरासत में मिली है। फोर्ब्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रूडो फैमिली ने 2.2 करोड़ डॉलर का रियल एस्टेट में निवेश भी किया है। इसके अलावा दुनियाभर की कंपनियों में 70 लाख डॉलर के शेयर भी हैं.
जस्टिन ट्रूडो का जन्म 25 दिसंबर, 1971 में हुआ था। वह कनाडा के 15वें प्रधानमंत्री पियर ट्रूडो के बड़े बेटे हैं और कनाडा के 23 वें व दूसरे सबसे युवा प्रधानमंत्री हैं। जस्टिन ट्रूडो के पिता पियर ट्रूडो 1968 से 1979 और 1980 से 1984 के बीच कनाडा के पीएम रह चुके हैं। पियरे ट्रूडो 1968 में सत्ता में आए और लगभग 16 वर्षों तक कनाडा के पीएम रहे। पियरे ट्रूडो की तुलना अक्सर जॉन एफ कैनेडी से की जाती थी।
बहरहाल, कनाडा के प्रधानमंत्री बनने से पहले जस्टिन ट्रूडो शिक्षक के रूप में भी काम कर चुके हैं। स्कूली पढ़ाई पूरी करने के बाद जस्टिन ट्रूडो ने 1994 में मैकगिल यूनिवर्सिटी से अंग्रेजी में बीए की डिग्री प्राप्त की। 1998 में उन्होंने ब्रिटिश कोलंबिया विश्वविद्यालय से एजुकेशन में डिग्री हासिल करते हुए एक स्नोबोर्ड इंस्ट्रक्टर के रूप में काम किया। इसके बाद उन्होंने गणित के शिक्षक के रूप में भी काम किया। 2002 में जस्टिन ट्रूडो ने मॉन्ट्रियल यूनिवर्सिटी में इंजीनियरिंग की पढ़ाई शुरू की, लेकिन उसे अधूरा छोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने मैकगिल विश्वविद्यालय में पर्यावरणीय भूगोल की पढ़ाई शुरू की, लेकिन इसे भी बीच में अधूरा छोड़ दिया।
पढ़ाई करते हुए जस्टिन ट्रूडो स्नोबोर्ड इंस्ट्रक्टर और शिक्षक के रूप में काम कर चुके थे। हालांकि, 2002 में उन्होंने मॉन्ट्रियल रेडियो स्टेशन पर काम किया और एथेंस में 2004 के ओलंपिक खेलों को कवर किया। 2007 में आई टेलीविजन मिनीसीरीज द ग्रेट वॉर में भी उन्होंने भूमिका निभाई। उन्होंने कैनेडियन पार्क्स एंड वाइल्डरनेस सोसाइटी के अवैतनिक प्रवक्ता के रूप में भी काम किया। प्रधानमंत्री बनने से पहले जस्टिन ट्रूडों ने 1977 में अपने पिता द्वारा स्थापित राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवी संगठन, कटिमविक (2002-06) के निदेशक मंडल के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया।




Add comment