Edinbox Hindi

मस्क ने खोला छोटे बच्चों के लिए स्कूल, मकसद ज्ञान के साथ उन्हें वास्तविक दुनिया से परिचित कराना

टेक्नोलॉजी और स्पेस की फील्ड के बाद एलॉन मस्क ने अब एजुकेशन सेक्टर में भी एंट्री मार ली है। उन्होंने टेक्सास राज्य के बैस्ट्रॉप में एड एस्ट्रा नाम से एक प्राइवेट स्कूल खोला है। ये स्कूल मोंटेसरी तरीके से प्रेरित है, जहां बच्चों को खुद से सीखने पर जोर दिया जाता है। मस्क इस स्कूल के जरिए अमेरिका में बच्चों के सीखने के तरीके को बदलना चाहते हैं। फिलहाल ये स्कूल छोटा है, लेकिन टेस्ला, स्पेसएक्स और एक्स (पहले ट्विटर) के CEO मस्क का प्लान इसे यूनिवर्सिटी में बदलना है।

एड एस्ट्रा स्कूल प्रोजेक्ट-बेस्ड लर्निंग पर फोकस कर रहा है। यहां पर बच्चों को STEM यानी साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथ्स सिखाने पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है। स्कूल की वेबसाइट के मुताबिक, स्कूल बच्चों को वास्तविक दुनिया की समस्याओं का पता लगाने, प्रयोग करने और हल करने के लिए प्रोत्साहित करता है। एलॉन मस्क के स्कूल का मकसद बच्चों को सिर्फ किताबी ज्ञान देना ही नहीं है, बल्कि वह उन्हें असल जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार भी करना चाहता है।

एड एस्ट्रा एक प्रीस्कूल है, जहां 3 से 9 साल तक के बच्चे पढ़ाई कर सकते हैं। शुरुआत में इस स्कूल की क्षमता 21 बच्चों की थी। हालांकि, बाद में इसे बढ़ाकर 3 से 6 साल के 18 बच्चों और 6 से 9 साल के 30 बच्चों के लिए किया गया है। स्कूल की वेबसाइट के मुताबिक, शुरुआती साल में स्कूल फीस में छूट दी जाएगी। आगे चलकर फीस दूसरे प्राइवेट स्कूलों के बराबर होगी। मस्क का लक्ष्य इसे सिर्फ प्रीस्कूल तक सीमित रखना नहीं है। मस्क इसे एक STEM यूनिवर्सिटी बनाना चाहते हैं। यह दिखाता है कि मस्क शिक्षा के क्षेत्र में कितने गंभीर हैं।

स्कूल के करिकुलम को इस तरह से तैयार किया गया है, यहां बच्चे अपनी रफ्तार से चीजों को सीख पाएं। यहां होने वाली पढ़ाई मोंटेसरी पद्धति जैसी है, लेकिन स्कूल ने साफ तौर पर कहा है कि वह खुद को मोंटेसरी स्कूल की कैटेगरी में नहीं रखता है। यहां बच्चों को अलग-अलग उम्र के बच्चों के साथ शिक्षा हासिल करना का ऑप्शन दिया जाता है। उन्हें बिना रुकावट अपने काम पर फोकस करने का मौका दिया जाता है। साथ ही उन्हें रोजमर्रा के काम करने के लिए ट्रेनिंग भी मिलती है। इससे वे नई चीजें सीखते हैं।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed