
ब्रिटेन की न्यूकैसल यूनिवर्सिटी ने 2025 में एडमिशन लेने वाले अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए वाइस-चांसलर इंटरनेशनल स्कॉलरशिप प्रोग्राम की घोषणा की है। इस स्कॉलरशिप के तहत चुने गए छात्रों को 7,000 पाउंड (लगभग 7.65 लाख रुपये) की राशि दी जाएगी या फिर उनकी ट्यूशन फीस में रिइंबर्समेंट किया जाएगा। यह स्कॉलरशिप सितंबर 2025 से शुरू होगी और भारतीय छात्र भी इसे प्राप्त करने के योग्य हैं।
ब्रिटेन में उच्च शिक्षा का खर्च काफी अधिक हो सकता है, जिसकी वजह से भारत के कई छात्र वहां पढ़ाई के लिए आवेदन नहीं करते। ब्रिटिश यूनिवर्सिटी की फीस सालाना 10 से 15 लाख रुपये तक हो सकती है, और अगर रहने-खाने के खर्च को जोड़ा जाए तो यह और बढ़ सकता है। हालांकि, कई विश्वविद्यालय इस खर्च को कम करने के लिए स्कॉलरशिप्स प्रदान करते हैं, ताकि विदेशी छात्र वहां अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें। न्यूकैसल यूनिवर्सिटी भी इसी उद्देश्य से यह स्कॉलरशिप दे रही है।
वाइस-चांसलर इंटरनेशनल स्कॉलरशिप प्रोग्राम केवल अंडरग्रेजुएट छात्रों के लिए है। स्कॉलरशिप प्राप्त करने के लिए छात्रों के अकादमिक प्रदर्शन, विश्वविद्यालय समुदाय के लिए योगदान, और वे जिस कोर्स की पढ़ाई कर रहे हैं, उसमें उनकी प्रेरणा और उद्देश्य जैसे पहलुओं पर विचार किया जाएगा। यह स्कॉलरशिप उन छात्रों को मिलेगी जिनके पास 2025/26 अकादमिक वर्ष में अंडरग्रेजुएट कोर्स के लिए यूनिवर्सिटी का एडमिशन ऑफर लेटर है।
आवेदन करने के बाद, वाइस-चांसलर इंटरनेशनल स्कॉलरशिप आधिकारिक रूप से छात्रों को दी जाएगी। यूनिवर्सिटी ने बताया कि जल्दी आवेदन करने वालों को प्राथमिकता दी जाएगी, इसलिए छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे जितना जल्दी हो सके आवेदन करें। कुल मिलाकर, 250 छात्रों को यह स्कॉलरशिप दी जाएगी। अगर आप भी इस स्कॉलरशिप के लिए अप्लाई करना चाहते हैं, तो जल्दी से आवेदन करें। अधिक जानकारी के लिए यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं।




Add comment