Edinbox Hindi

नीट मसले पर चर्चा को लेकर संसद में भारी हंगामा, कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) को लेकर आज संसद के दोनों सदनों में भारी हंगामा हुआ। आज से सदन में राष्ट्रपति के अभिभाषण के लिए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू होनी थी, लेकिन लोकसभा में चर्चा के पहले ही विपक्ष ने नीट को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद निचले सदन की कार्यवाही सोमवार सुबह तक के लिए स्थगित कर दी गई। उधर राज्यसभा में भी नीट पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्ष के भारी हंगामे के बीच राज्यसभा की कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा। राज्य सभा में तो विपक्ष के नेता वेल में आ गए।

विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने NEET का मुद्दा उठाया और विपक्षी सांसदों के साथ मिलकर इस मामले पर चर्चा की मांग की। स्पीकर ओम बिरला ने आग्रह किया कि राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा की जाए। विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, “…हम विपक्ष और सरकार की ओर से भारत के छात्रों को एक संयुक्त संदेश देना चाहते थे कि हम इस मुद्दे को जरूरी मानते हैं। इसलिए, हमने सोचा कि छात्रों के सम्मान के लिए हम आज NEET पर चर्चा करेंगे…”

इस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान आप इन मुद्दों को उठा सकते हैं। हालांकि, विपक्ष इस मांग पर अड़ा रहा कि सदन में पहले नीट पर चर्चा होनी चाहिए। मामला शांत न होता देख सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने विपक्षी सांसदों के साथ NEET का मुद्दा उठाया और कहा कि इस मामले पर चर्चा होनी चाहिए। यहाँ भी हंगामा होता रहा और अंततः सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। 

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि देश में लगातार हो रहे पेपर लीक से युवाओं का भविष्य खराब हो गया है। हरियाणा में सबसे ज्यादा पेपर लीक के मामले देखने को मिले हैं। नीट परीक्षा में पेपर लीक हुआ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान जिम्मेदारी से भाग रहे हैं। हम इस पर चर्चा लेकर आए थे और जब सदन में यह मुद्दा उठाया गया तो माइक बंद कर दिया गया। अगर विपक्ष के नेता का माइक बंद कर दिया जाता है तो दूसरे विपक्षी सांसदों में गुस्सा पैदा होगा और सदन में भी यही हुआ, हम मांग करते हैं कि इस मुद्दे पर चर्चा हो।

इस बीच पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर सरकार की ओर से उठाए गए कदमों का बचाव करते हुए कहा है कि जब तक इस मामले की पूरी जांच नहीं हो जाती, तब तक किसी पर जिम्मेदारी थोपी नहीं जा सकती। पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि जांच पूरी नहीं हुई है और दो-तीन राज्यों में कुछ गिरफ्तारियां भी हुई हैं।

उन्होंने कहा कि मैं किसी का पक्ष नहीं ले रहा। जहां तक नीट परीक्षा की बात है तो जो हुआ है, वह गलत हुआ है। लेकिन अभी आप जिम्मेदारी तय नहीं कर सकते हैं… सरकार ने सही फैसला लिया है। जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, संबंधित मंत्री जिम्मेदारी नहीं ले सकते… और आप अनावश्यक रूप से सरकार की छवि को नुकसान नहीं पहुंचा सकते। मैं सहमत नहीं हूं।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed