
एएमयू और यूनिवर्सिटी टेक्नोलोजी ब्रुनई (यूटीबी), ब्रुनई दारुस्सलाम ने दोनों विश्वविद्यालयों के बीच शैक्षणिक सहयोग और आदान-प्रदान की संभावनाओं का पता लगाने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
एएमयू कुलपति प्रोफेसर नईमा खातून और यूटीबी कुलपति दतिन पादुका प्रोफेसर डॉ दयांग हाजाह जोहरा बिनती हाजी सुलेमान ने एएमयू रजिस्ट्रार मोहम्मद इमरान (आईपीएस), यूटीबी सहायक कुलपति (अनुसंधान और नवाचार) और एएमयू के पूर्व छात्र प्रोफेसर डॉ मोहम्मद हसनैन ईसा और सिविल इंजीनियरिंग विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर इजहारुल हक फारूकी की उपस्थिति में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
एएमयू रजिस्ट्रार, मोहम्मद इमरान ने बताया कि दोनों विश्वविद्यालयों के बीच रणनीतिक गठबंधन का उद्देश्य शिक्षा और अनुसंधान के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग और संबंधों को मजबूत बनाना है, जिसमें कर्मचारियों और छात्रों का आदान-प्रदान, संयुक्त अनुसंधान पर्यवेक्षण, संयुक्त अनुसंधान अनुदान आवेदन और सम्मेलनों, कार्यशालाओं और सेमिनारों के संचालन के लिए संयुक्त प्रयास शामिल हैं।
प्रोफेसर फारूकी ने कहा कि समझौता ज्ञापन नवाचार और ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने में मदद करेगा। यह साझेदारी दोनों संस्थानों के आपसी विकास को उत्प्रेरित करेगी और वैश्विक शिक्षा और समाज की बेहतरी में प्रभावशाली योगदान देगी।




Add comment