
अगले साल से बोर्ड परीक्षा के पैटर्न में बदलाव हो सकता है। दरअसल, सरकार अब साल में दो बार बोर्ड एग्जाम लागू करने की तैयारी कर रही है। हालाकि अभी सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा को लेकर नीति निर्धारित हो रही है। मौजूदा समय में जहां फरवरी मार्च में बस एक सीबीएसई बोर्ड परीक्षा आयोजित की जाती है, उसमें बदलाव लाकर अब साल में दो बार बोर्ड परीक्षा आयोजित की जाएगी। दूसरी बोर्ड परीक्षा जून के महीने में आयोजित की जाएगी।
साल में दो बार बोर्ड एग्जाम कराने की दिशा में सरकार काफी तेजी से आगे बढ़ रही है। खबर है कि नेशनल करिकुलम फ्रेमवर्क फॉर स्कूल एजुकेशन (एनसीएफएसई) की सिफारिश के आधार पर केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) 2026 से कक्षा 12वीं की दो बार परीक्षा आयोजित करने पर विचार कर रहा है। अभी तक 12वीं में किसी भी विषय में फेल होने छात्र को केवल एक विषय में सप्लीमेंट्री एग्जाम देने का मौका मिलता था। छात्र उस विषय की परीक्षा जुलाई में दे पाते थे। परीक्षा में असफल हुए छात्र, जिनके परिणाम में कंपार्टमेंट आता था वैसे छात्र भी सप्लीमेंट्री एग्जाम दे सकते थे। लेकिन अब पुराने शेड्यूल में बदलाव कर छात्रों को सीधा जून में सेकंड बोर्ड एग्जाम में शामिल होने का मौका मिलेगा। दोबारा जून में आयोजित होने वाली दूसरी परीक्षा में वे अपनी पसंद के किसी भी विषय या सभी विषयों की परीक्षा दोबारा दे सकेंगे।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक, शिक्षा मंत्रालय ने सीबीएसई बोर्ड से कहा है कि वो साल में दो बार बोर्ड एग्जाम कराने का प्रस्ताव तैयार करे। यह योजना 2026 से लागू होगी। हालांकि सरकार ने अभी तक यह तय नहीं किया है कि दो बार परीक्षा कैसे होगी। ऐसे में ये उम्मीद की जा रही है दूसरी परीक्षा जून में आयोजित की जा सकेगी। मौजूदा समय में जो फॉर्मूला लागू है कि उसके अनुसार कक्षा 12वीं के स्टूडेंट्स फरवरी-मार्च में बोर्ड एग्जाम देते हैं और मई में उनके बोर्ड का रिजल्ट घोषित किया जाता है। रिजल्ट जारी होने के बाद बोर्ड परीक्षा में असफल विद्यार्थी जुलाई में सप्लीमेंट्री एग्जाम/कंपार्टमेंट परीक्षा में शामिल होकर अपने रिजल्ट को बेहतर करते हैं।
साल 2024, यानी इस वर्ष यह परीक्षा 15 जुलाई को आयोजित की गई। सूत्रों के मुताबिक, नए फॉर्मूले में दूसरी बार के बोर्ड एग्जाम मई में रिजल्ट जारी होने के लगभग 15 दिन बाद आयोजित किए जाएंगे और फिर उसके बाद 1 महीने के अंदर बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा। दूसरी बार आयोजित हुए बोर्ड परीक्षा का परिणाम अगस्त में जारी किया जाएगा।




Add comment