
महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले में एक 20 वर्षीय नर्सिंग छात्रा के साथ कथित तौर पर बलात्कार का मामला सामने आया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, छात्रा कॉलेज से एक ऑटो-रिक्शा बुक कर घर लौट रही थी। इस दरम्यान बीच सफर में ऑटो चालक ने उसे नशीला पदार्थ मिला हुआ पानी पिला दिया। पानी पीने के बाद छात्रा बेहोश हो गई। इसके बाद ऑटो चालक उसे एक सुनसान जगह पर ले गया, जहाँ उसने कथित तौर पर उसके साथ बलात्कार किया। बलात्कार की घटना को अंजाम देने के बाद ऑटो चालक घटनास्थल से भाग गया।
बाद में जब छात्रा को होश आया, तो उसने अपने परिवार को फोन किया। छात्र के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़िता को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। नर्सिंग छात्रा के परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ऑटो चालक की तलाश कर रही है। पुलिस इसके लिए सीसीटीवी वीडियो की मदद भी ले रही है।
बहरहाल, इस घटना के बाद लोगों ने विरोध-प्रदर्शन किया और पीड़िता के लिए न्याय की मांग की है।
यह घटना एक ऐसे वक़्त सामने आयी है, जब 9 अगस्त को पश्चिम बंगाल के कोलकाता में आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक जघन्य बलात्कार और हत्या की घटना के बाद पूरा देश और चिकित्सा जगत एकजुट होकर 31 वर्षीय स्नातकोत्तर प्रशिक्षु (पीजीटी) डॉक्टर के लिए न्याय की मांग कर रहा है।




Add comment