
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पटियाला के राजीव गांधी राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (RGNUL) में कुलपति द्वारा लड़कियों के छात्रावास में घुसकर चेकिंग करने की घटना की निंदा की है और इसे शर्मनाक बताया है। उन्होंने इस घटना को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर साझा भी किया है और महिला आयोग से इस मामले का संज्ञान लेने को भी कहा है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अपने एक्स अकाउंट से पोस्ट शेयर कर कहा कि पटियाला के राजीव गांधी विधि विश्वविद्यालय में कुलपति का बिना छात्राओं को सूचित किए अचानक उनके कमरों में घुसकर चेकिंग करना और लड़कियों पर पहनावे को लेकर अभद्र टिप्पणी करना अत्यंत शर्मनाक है।
गौरतलब है कि कुलपति जेएस सिंह पर आरोप लगाया जा रहा है कि 22 सितंबर को वह छात्रावास में बिना महिला छात्रों की सहमति या पूर्व सूचना के उनके कमरे में घुस गए और उनके कपड़ों को लेकर टिप्पणी की।
प्रियंका गाँधी ने कहा, “छात्रों ने मीडिया से जो बातें कही हैं, वे बेहद आपत्तिजनक हैं। लड़कियां अपने खाने, कपड़े और कोर्स चुनने का फैसला करने में सक्षम हैं। मोरल पुलिसिंग और अधिकारों का दुरुपयोग करके लड़कियों की निजता का हनन अस्वीकार्य है। महिला आयोग को इस मामले का संज्ञान लेना चाहिए और कुलपति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।”
बता दें कि कुलपति द्वारा छात्राओं के कमरों की तलाशी लेने और उनके पहनावे को लेकर अभद्र टिप्पणी करने की घटना से नाराज छात्र-छात्राओं ने कुलपति के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। स्टूडेंट्स धरने पर बैठे हैं और कुलपति के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। छात्र-छात्राओं के प्रदर्शन को देखते हुए फिलहाल यूनिवर्सिटी बंद रखा गया है। इतना ही नहीं, इस मामले की जांच के लिए एक विशेष समिति का गठन भी किया गया है।




Add comment