
महाराष्ट्र में लातूर जिले के एक सरकारी कॉलेज के हॉस्टल में रात का खाना खाने के बाद 50 छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आई है। संदिग्ध खाद्य विषाक्तता के कारण तबीयत बिगड़ने के बाद छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार घटना पूरणमल लाहोटी पॉलिटेक्निक गर्ल्स हॉस्टल की है। पुरणमल लाहोटी शासकीय पॉलिटेक्निक के इस हॉस्टल में कुल 324 छात्राएं रहती हैं।
बताया गया है कि छात्राओं ने शनिवार शाम करीब सात बजे चावल, चपाती, भिंडी की सब्जी खायी और दाल का सूप पीया, जिसके बाद रात साढ़े आठ बजे तक उनमें से बहुत की तबियत बिगड़ने लगी। कई छात्राओं को बहुत बेचैनी महसूस हुई और कुछ छात्राओं को उल्टी होने लगी। छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने के बाद कॉलेज के प्रधानाचार्य फौरन वहां मौके पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने विलासराव देशमुख राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के डीन डॉ. उदय मोहिते को इस घटना की सूचना दी, जिसके बाद छात्राओं को फौरन हॉस्पिटल ले जाया गया।
डॉ. मोहिते ने बताया कि इलाज के लिए भर्ती कराई गईं करीब 50 छात्राओं में से 20 को देर रात तीन बजे तक हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी गई थी। उन्होंने बताया कि बाकी 30 छात्राओं का इलाज चल रहा है। सभी खतरे से बाहर हैं। वहीं, कॉलेज प्रधानाचार्य वी डी नितनावरे ने कहा है कि चिंता की कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि घटना के बारे में पुलिस को सूचित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद प्राधिकारियों ने भोजन के नमूने एकत्रित किए। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट मिलने के बाद विषाक्तता के कारण का पता लगाया जाएगा।
कॉलेज के प्रधानाचार्य ने कहा कि कॉलेज की मेस का ठेका मनीषा डोबगवे को दिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर चल रही भोजन में छिपकलियों और कीड़ों की तस्वीरें, जिन्हें पॉलिटेक्निक की घटना से जोड़ा जा रहा है, झूठी हैं। वहीं रेजिडेंट डिप्टी कलेक्टर केशव नेटके ने कहा कि खाद्य नमूनों से संबंधित रिपोर्ट सोमवार या मंगलवार तक उपलब्ध होगी।




Add comment