Edinbox Hindi

डारोन ऐसमोग्लू, साइमन जॉनसन और जेम्स ए. रॉबिन्सन को मिला आर्थिक विज्ञान का नोबेल पुरस्कार

रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने अर्थिक क्षेत्र में योगदान के लिए 2024 के नोबेल पुरस्कार का एलान कर दिया है। आर्थिक विज्ञान के क्षेत्र में अल्फ्रेड नोबेल की स्मृति में दिया जाने वाला स्वेरिग्स रिक्सबैंक पुरस्कार डारोन ऐसमोग्लू, साइमन जॉनसन और जेम्स ए. रॉबिन्सन को दिया गया है। विजेताओं को यह सम्मान संस्थाएं कैसे बनती हैं और समृद्धि को कैसे प्रभावित करती हैं, पर अध्ययन के लिए दिया गया है।

रॉयल स्वीडिश अकेडमी ऑफ साइंसेज की नोबेल समिति ने कहा कि तीनों अर्थशास्त्रियों ने ‘किसी देश की समृद्धि के लिए सामाजिक संस्थाओं के महत्व को प्रदर्शित किया है।’ समिति ने कहा, ‘‘कानून के खराब शासन वाले समाज और आबादी का शोषण करने वाली संस्थाएं वृद्धि या बेहतर बदलाव नहीं लाती हैं। पुरस्कार विजेताओं के शोध से हमें यह समझने में मदद मिलती है कि ऐसा क्यों होता है।’’

कामेर डारोन ऐसमोग्लू अर्मेनियाई मूल के एक तुर्की-अमेरिकी अर्थशास्त्री हैं। वे 1993 से मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में पढ़ा रहे हैं। वहां वे वर्तमान में अर्थशास्त्र के एलिजाबेथ और जेम्स किलियन प्रोफेसर हैं। उन्होंने 2005 में जॉन बेट्स क्लार्क पदक प्राप्त किया, और 2019 में उन्हें एमआईटी ने प्रोफेसर के रूप में नामित किया।

साइमन एच. जॉनसन एक ब्रिटिश अमेरिकी अर्थशास्त्री हैं। उनका जन्म 16 जनवरी, 1963 को हुआ।  वे एमआईटी स्लोअन स्कूल ऑफ़ मैनेजमेंट में उद्यमिता के रोनाल्ड ए. कर्ट्ज प्रोफेसर हैं। इसके साथ ही जॉनसन पीटरसन इंस्टीट्यूट फॉर इंटरनेशनल इकोनॉमिक्स में सीनियर फेलो हैं।

1960 में पैदा हुए जेम्स एलन रॉबिन्सन एक ब्रिटिश अर्थशास्त्री और राजनीतिक वैज्ञानिक हैं। वह वर्तमान में ग्लोबल कॉन्फ्लिक्ट स्टडीज के रेवरेंड डॉ. रिचर्ड एल. पियर्सन प्रोफेसर और शिकागो विश्वविद्यालय के हैरिस स्कूल ऑफ पब्लिक पॉलिसी में यूनिवर्सिटी प्रोफेसर हैं।

इससे पहले पिछले साल रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने अर्थशास्त्र के नोबेल पुरस्कार के लिए क्लाउडिया गोल्डिन को चुना था। उन्हें महिलाओं के श्रम बाजार के परिणामों के बारे में हमारी समझ को उन्नत या विकसित करने के लिए यह सम्मान दिया गया था। 

इस पुरस्कार की शुरुआत बैंक ऑफ स्वीडन ने 1968 में अल्फ्रेड नोबेल की स्मृति में की थी। अल्फ्रेड नोबेल 19वीं सदी के व्यवसायी और रसायनज्ञ थे, जिन्होंने डायनामाइट का आविष्कार किया था और पांच नोबेल पुरस्कारों की स्थापना की थी। हालांकि, कुछ लोग इस बात पर जोर देते हैं कि अर्थशास्त्र का पुरस्कार तकनीकी रूप से नोबेल पुरस्कार नहीं है, लेकिन इसे हमेशा 10 दिसंबर को अन्य पुरस्कारों के साथ प्रदान किया जाता है। इस दिन नोबेल की पुण्यतिथि है। पिछले सप्ताह चिकित्सा, भौतिकी, रसायन विज्ञान, साहित्य और शांति के लिए नोबेल पुरस्कारों की घोषणा की गई थी।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed