
राजस्थान के कोटा स्थित एक सरकारी स्कूल से टीचर द्वारा पांचवीं की छात्रा की बुरी तरह पिटाई का मामला सामने आया है। टीचर द्वारा की गई पिटाई के कारण बच्ची के एक हाथ में फ्रैक्चर हो गया। घटना मोड़क थानाक्षेत्र के तेलिया खेड़ी स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हुई। इस मामले में शिक्षक अब्दुल अजीज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शिक्षा विभाग ने भी शिक्षक खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
यह मामला तब सामने आया जब असकली ग्राम पंचायत के सरपंच आबिद खान ने अपने निर्वाचन क्षेत्र रामगंज मंडी के जुल्मी गांव में आयोजित एक जन शिकायत निवारण शिविर के दौरान राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर को इस बारे में जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद शिक्षा मंत्री ने 10 वर्षीय बच्ची को शिविर में बुलाया और उसने पूरी घटना बताई।
बच्ची के अनुसार, उसके क्लास टीचर अजीज खान ने उसे चटाई बिछाने के लिए कहा। उसने दावा किया कि उसने अजीज के निर्देशों का पालन किया, लेकिन वह भड़क गए और उस पर आरोप लगाया कि वह उसकी बात नहीं सुन रही है। बच्ची के अनुसार, फिर शिक्षक ने उसे छड़ी से मारा, जिससे उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया।
मोड़क थाने के प्रभारी योगेश शर्मा ने बताया कि मंत्री के निर्देश पर अजीज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) और 126(2) के तहत FIR दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि बच्ची को रविवार सुबह मेडिकल जांच के लिए भेजा गया और रिपोर्ट का इंतजार है। उन्होंने बताया कि शिक्षक से अभी तक पूछताछ नहीं की गई है। अधिकारियों ने बताया कि मंत्री के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने भी अजीज के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।




Add comment