Edinbox Hindi

महराजगंज में यूपी के पहले पीपीपी मोड के मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण, इस साल खुले 17 नये मेडिकल कॉलेज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में सुदृढ़ होती मेडिकल की पढ़ाई पर कहा कि इस साल प्रदेश को 17 नये मेडिकल कॉलेज की सौगात मिल रही है। इसके साथ ही प्रदेश में एमबीबीएस की सीटें भी दोगुनी हो चुकी हैं। सीएम योगी महराजगंज में प्रदेश के पहले पीपीपी मोड के केएमसी मेडिकल कॉलेज के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित कर रहे थे। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी गोरखपुर में पूर्वी यूपी का एकमात्र बीआरडी मेडिकल कॉलेज स्वयं ‘बीमार’ हाल में था। मगर आज यह गोरखपुर एम्स से स्वस्थ प्रतिस्पर्द्धा कर रहा है। उन्होंने इस बात का भी उल्लेख किया कि यूपी में पहले केवल 18 मेडिकल कॉलेज थे, मगर आज 64 जिलों में मेडिकल कॉलेज बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज केवल स्वास्थ्य सुविधाएं ही नहीं प्रदान करते बल्कि इनके निर्माण से नौकरियों और स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिलता है। सीएम ने कहा कि सरकार का पूरा जोर यूपी में नये बन रहे मेडिकल कॉलेजों को अच्छी कनेक्टिविटी से जोड़ने पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मेडिकल कॉलेज के साथ साथ नर्सिंग और पैरा मेडिकल कॉलेजों का भी युद्धस्तर पर निर्माण हो रहा है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि महराजगंज को प्रदेश के पहले पीपीपी मोड के मेडिकल कॉलेज की सौगात मिल रही  है। सीएम योगी ने शांति फाउंडेशन के अध्यक्ष और केएमसी मेडिकल कॉलेज के संस्थापक विनय कुमार श्रीवास्तव और उनकी पूरी टीम को धन्यवाद दिया। सीएम ने बताया कि यहां डेढ़ सौ बच्चों का एडमिशन हो चुका है। उन्होंने कहा कि तराई के क्षेत्र आजादी के बाद से लगातार उपेक्षित रहे हैं। शासन की सुविधाओं की स्थिति अत्यंत खराब थी। आज महराजगंज उपेक्षित नहीं है।

सीएम योगी ने कहा कि गोरखपुर में एम्स की स्थापना के साथ ही कुशीनगर, देवरिया, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बहराइच, सुल्तानपुर, अम्बेडकरनगर, अयोध्या, प्रतापगढ़ में मेडिकल कॉलेज शुरू हो गये हैं। पहले पूर्वी यूपी में केवल गोरखपुर में बीआरडी मेडिकल कॉलेज था और वो भी बीमार था। आज बीआरडी मेडिकल कॉलेज अपनी बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ गोरखपुर एम्स के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा कर रहा है। जिस यूपी में कभी केवल 18 मेडिकल कॉलेज थे, आज 64 जनपद में मेडिकल कॉलेज बन चुके हैं। बाकि जो 6-7 जनपद बचे हैं उनके लिए नई पॉलिसी के साथ मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाएगी। 

उन्होंने कहा कि यह केवल एक मेडिकल कॉलेज ही नहीं है। यह उत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं तो प्रदान कर ही रहा है, आरोग्यता को बल दे रहा है साथ ही रोजगार के नये नये अवसरों को भी बढ़ा रहा है। हमारा प्रयास होगा कि हम मेडिकल कॉलेजों को अच्छी कनेक्टिविटी देंगे। यहां अच्छे चिकित्सक कार्य कर रहे हैं। यहां ओपीडी और आईपीडी की अच्छी व्यवस्था है। हम आयुष्मान भारत की सुविधा के साथ इस अस्पताल को जोड़ने का कार्य करेंगे। 

सीएम ने कहा कि आने वाले समय में हमें योग्य चिकित्सकों की कमी नहीं होगी। इसके साथ ही पीएम के विजन के अनुरूप हर जनपद में डायलिसिस, आईसीयू, सीटी स्कैन आदि की सुविधा देने के प्रयास प्रारंभ हुए हैं। नर्सिंग की पढ़ाई बेटियां अपने जनपद में ले सकें, इसके लिए नर्सिंग और पैरा मेडिकल के कॉलेज बड़े स्तर पर खोलने के कार्य युद्धस्तर पर आगे बढ़ रहे हैं। यह सभी प्रयास स्वास्थ्य के क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन का उदाहरण हैं। दूर दराज के जनपदों में भी स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं, जहां पहले कभी नहीं मिलती थीं। आज यूपी के पास स्व अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर अपनी मेडिकल  यूनिवर्सिटी है। आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी चिकित्सा में भी उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। प्रदेश में टेक्निकल और लॉ विश्वविद्यालय हैं। नये विश्वविद्यालयों की स्थापना हो रही है। यूपी भारत के विकास के ग्रोथ इंजन के रूप में उभरा है। 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने केएमसी मेडिकल कॉलेज के सहयोगियों को विशेष रूप से सम्मानित किया, जिसमें कमल ठाकुर, डॉ एस एम रफीक, डॉ मेजर यशवर्धन दुबे, डॉ शम्शुल हक, डॉ विजय शर्मा, डॉ नेहा यादव, डॉ अरुण श्रीवास्तव, जीतू मेघवाल, देवचंद्र कुशवाहा, डॉ भनुप्रिया, जीतेन्द्र कुमार, वीरेन्द्र मणि त्रिपाठी, प्रभात कुमार, धनंजय कुशवाहा, शहबाज अहमद शामिल रहे। लोकार्पण के अवसर पर मुख्य रूप से महाराजगंज के सांसद और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पांडेय, रविकांत पटेल, विधायक प्रेम सागर पटेल, ज्ञानेन्द्र सिंह, जयमंगल कनौजिया, ऋषि त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, शांति फाउंडेशन के अध्यक्ष और केएमसी मेडिकल कॉलेज के संस्थापक विनय कुमार श्रीवास्तव, के के सिंह, प्रमुख सचिव पार्थसारथी सेन शर्मा, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह सहित मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक, शिक्षक, छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed