Edinbox Hindi

विशाखापत्तनम में कानून की छात्रा से ‘सामूहिक बलात्कार’, सभी चार आरोपी गिरफ्तार

विशाखापत्तनम शहर में 20 वर्षीय एक लॉ की छात्रा के साथ उसके पूर्व प्रेमी सहित उसके सहपाठियों ने कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया। यह जघन्य अपराध तब प्रकाश में आया जब पीड़ित छात्रा ने आरोपियों द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने के बाद आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि उसके पिता ने उसे बचा लिया, जिसके बाद उसने आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।  

पीड़िता और आरोपियों में से एक के बीच प्रेम सम्बन्ध रहा था और वे दोनों शहर के एक निजी कॉलेज में साथ पढ़ते हैं। संबंधों में धोखा देने के बाद इस साल अगस्त में अपने रिश्ते पर चर्चा करने के बहाने प्रेमी ने पीड़ित छात्रा को शहर के एक सुनसान स्थान पर बुलाया और उसका यौन उत्पीड़न किया। घटना के कुछ दिनों बाद मामले ने एक गंभीर मोड़ ले लिया, जब उसने पीड़ित लड़की को अपने साथ मिलने के लिए दोबारा राजी किया। इसके बाद, वह उसे विजाग शहर के डाबा गार्डन इलाके में अपने दोस्त के घर ले गया, जहाँ उसने फिर से उसका यौन उत्पीड़न किया। 

पीड़िता के प्रेमी के दोस्त (तीन व्यक्ति, जो पीड़िता के सहपाठी भी हैं) घर पहुंचे और पीड़िता और उसके प्रेमी के बीच अंतरंग क्षणों को कैमरे में कैद कर लिया। बाद में, तीनों ने वीडियो के ज़रिए उसे ब्लैकमेल किया और यौन संबंध बनाने की कोशिश की। जब उसने अपने बॉयफ्रेंड को बताया कि उसे तीनों ने ब्लैकमेल किया है, तो उसने अपने दोस्तों का पक्ष लिया और उनका साथ दिया। तीनों ने कथित तौर पर घर में उसका यौन शोषण भी किया और फिर से इसका वीडियो भी बनाया।

तीनों ने कथित तौर पर उसे धमकी दी कि अगर उसने उनके साथ शारीरिक सम्बन्ध बनाने से इनकार किया तो वे उसके प्राइवेट वीडियो को प्रसारित कर देंगे। तीनों के यौन उत्पीड़न को सहन करने में असमर्थ, पीड़िता ने कुछ दिन पहले अपनी जान लेने की कोशिश की। हालांकि, उसके पिता उसे बचाने में कामयाब रहे। बाद में, उसने अपने पिता को पूरी घटना बताई। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। विजाग शहर के पुलिस प्रमुख शंकरब्रत बागची ने कहा कि सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed