
राजस्थान में शिक्षा नगरी के रूप में पहचान रखने वाले कोटा से फिर एक बुरी खबर आयी है। यहां इंजीनियरिंग की संयुक्त प्रवेश परीक्षा (JEE) की तैयारी कर रहे 18 वर्षीय एक छात्र ने अपने छात्रावास की छठी मंजिल से कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मृतक छात्र की पहचान मध्य प्रदेश के अन्नूपुर निवासी विवेक कुमार के रूप में हुई है। छात्र के कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और आत्महत्या का कारण भी अभी पता नहीं चल पाया है।
पुलिस के अनुसार, विवेक कुमार अप्रैल से यहां एक कोचिंग संस्थान में जेईई की तैयारी कर रहा था। लड़के ने कथित तौर पर आधी रात के आसपास राजीव नगर स्थित अपने छात्रावास की छठी मंजिल से छलांग लगा दी। इलाज के दौरान छात्र की मौत हो गई।
पुलिस उपाधीक्षक योगेश शर्मा ने बताया कि विवेक को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डीएसपी ने बताया कि लड़के के कमरे की बालकनी पर लगा सुरक्षा जाल छेददार था और उसमें खरोंच भी थी, जिससे लगता है कि कूदने के लिए उसमें छेड़छाड़ की गई होगी।
उन्होंने बताया कि मौके पर फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य जुटाने और मौत के कारणों की जांच करने के लिए भेजा गया है। हालांकि, अभी यह पता नहीं चल पाया है कि सुरक्षा जाल पहले से ही क्षतिग्रस्त था या कूदने के लिए जानबूझकर उसमें छेड़छाड़ की गई थी।
उन्होंने बताया कि माता-पिता के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा और उनके बयानों के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा। जनवरी से अब तक कोटा में कोचिंग छात्र द्वारा की गई यह 16वीं आत्महत्या है, जबकि पिछले साल शहर में ऐसे 26 मामले सामने आए थे।




Add comment