Edinbox Hindi

हर छात्र की बन रही ‘अपार आईडी’, फायदे भी इसके हैं अपार

भारत सरकार की ‘वन नेशन, वन आईडी योजना’ के तहत देश भर के छात्रों के लिए ऑटोमेटिक परमानेंट एकेडमिक अकाउंट रजिस्टर यानी अपार आईडी कार्ड (APAAR ID) बनाने का निर्देश जारी किया गया है। यह आधार कार्ड की तरह ही होगा। सरकारी और निजी स्कूलों में पढ़ने वाले पहली से 12वीं कक्षा तक के छात्रों की जानकारी अब सिर्फ एक क्लिक पर उपलब्ध होगी। देश के ज्यादातर राज्यों के स्कूलों में अपार आईडी कार्ड बनवाने का कार्य चल रहा है। यह आईडी कार्ड हर छात्र-छात्राओं के लिए बड़े काम के हैं। इससे उनकी स्टूडेंट्स लाइफ बेहद आसान होने वाली है। 

इस कार्ड पर संबंधित स्टूडेंट्स की यूनिक आईडी मेंशन होगी। बता दें कि यह कार्ड प्राइमरी से लेकर हायर एजुकेशन तक के छात्र-छात्राओं के लिए बनाया जाएगा। इस योजना की आधिकारिक वेबसाइट apaar.education.gov.in. के माध्यम से छात्रों की APAAR ID का ऑनलाइन पंजीकरण होगा। यह प्रक्रिया छात्रों के स्कूल द्वारा पूरी की जाएगी। हालांकि, इस कार्ड को बनवाने के लिए पैरेंट्स की सहमति लेना अनिवार्य होगा। 

इस कार्ड पर संबंधित स्टूडेंट्स की यूनिक आईडी मेंशन होगी। इस योजना के तहत छात्रों को 12 अंकों का यूनिक नंबर मिलेगा। इस यूनिक नंबर के जरिए छात्रों के शैक्षणिक प्रदर्शन, मासिक और वार्षिक परीक्षाओं के परिणाम, उपस्थिति और पीटीएम रिकॉर्ड जैसी सभी जानकारियां डिजिटली उपलब्ध रहेंगी। अपार आईडी कार्ड में नाम, पता, पैरेंट्स का नाम, फोटो के साथ-साथ छात्र-छात्राओं की एकेडिमक से लेकर स्पोर्ट्स तक की हर छोटी बड़ी डिटेल होगी। साथ ही मार्कशीट, कैरेक्टर सर्टिफिकेट, स्कूल ट्रांसफर सर्टिफिकेट सहित अन्य दस्तावेज भी मौजूद होंगे। अगर कोई छात्र एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिवटीज, ओलिंपियाड या फिर अगर किसी स्पोर्ट्स में नेशनल या इंटरनेशनल लेवल पर खेलता है तो इसकी जानकारी भी इस आईडी कार्ड में दर्ज कराई जाएगी

इस योजना का मुख्य उद्देश्य छात्रों के शैक्षिक दस्तावेजों में पारदर्शिता लाना और दस्तावेजों के सुरक्षित डिजिटलीकरण को सुनिश्चित करना है। इसमें छात्रों के सभी शैक्षणिक दस्तावेज डिजिटल रूप में उपलब्ध होंगे। अपारआईडी कार्ड बनाने से स्टूडेंट्स को बेहद फायदा होगा। अगर किसी छात्र की मार्कशीट या अन्य शैक्षणिक दस्तावेज खो जाते हैं, तो अब चिंता की कोई बात नहीं होगी। अगर वे एक स्कूल छोड़कर किसी दूसरे स्कूल जा रहे हैं तो इसके लिए भी उन्हें सभी डॉक्यूमेंट्स लेकर नहीं जाने पड़ेगें। वे अपनी इस यूनिक आईडी कार्ड का नंबर देखकर सब डिटेल्स प्राप्त कर सकते हैं। 

बता दें कि इस आईडी कार्ड का इस्तेमाल पूरे देश में किया जाएगा। साथ ही यह कभी नहीं बदलेगा। APAAR ID के माध्यम से फर्जी दस्तावेज बनवाने की संभावनाएं भी समाप्त हो जाएंगी। इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि योग्य उम्मीदवारों को नौकरी पाने में भी आसानी होगी। अब नियोक्ता एक क्लिक में उम्मीदवार की शैक्षणिक जानकारी सत्यापित कर सकते हैं, जिससे फर्जी दस्तावेज के आधार पर नौकरी पाने वालों पर रोक लग सकेगी। 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed