Edinbox Hindi

JNU के हॉस्टल में लगी आग, छात्रसंघ अध्यक्ष ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर उठाया सवाल

दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के गोदावरी छात्रावास में शुक्रवार रात को अचानक आग लग गई। आग लगते ही वहां हड़कंप मच गया। तुरंत सूचना दमकल विभाग को दी गई। आग लगने की जानकारी मिलने पर दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक दमकल गाड़ी को घटनास्थल पर भेजा और आग पर काबू पाने का काम शुरू किया गया। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। 

आग लगने की घटना का वीडियो जेएनयू छात्र संघ (जेएनयूएसयू) द्वारा साझा किया गया, जिसमें एक विद्युत पैनल बोर्ड से आग की लपटें और धुआं निकलता हुआ देखा जा सकता है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आग एक एयर कंडीशनिंग इकाई में लगी थी। डीएफएस के एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें रात 10.18 बजे घटना की सूचना मिली थी और आग बुझाने में करीब 15 मिनट का समय लगा। 

जेएनयू प्रशासन की ओर से इस घटना पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन जेएनयूएसयू चीफ धनंजय ने इस घटना के लिए छात्रावासों में खराब सुरक्षा उपायों को जिम्मेदार ठहराया। धनंजय ने कहा, ‘जेएनयू प्रशासन और कुलपति ने यूनिवर्सिटी के छात्रों को मौत के मुंह में धकेल दिया है। गोदावरी हॉस्टल में लगी आग इसका सबूत है। जेएनयूएसयू ने प्रशासन के समक्ष छात्रावासों की सेफ्टी और रिनोवेशन के बारे में बार-बार चिंता जताई है, लेकिन जवाब हमेशा यही मिलता रहा है कि सरकार पैसा नहीं हीं दे रही है। आरएसएस समर्थित प्रशासन और सरकार ने जेएनयू को बदहाली की स्थिति में पहुंचा दिया है।’

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed