Edinbox Hindi

दिल्ली विश्वविद्यालय परिसर में होली पर हुड़दंग करने वालों की खैर नहीं, उत्पातियों पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई

दिल्ली विश्वविद्यालय ने होली के मौके पर कैंपस में हुड़दंग और अव्यवस्था रोकने के लिए सख्त कदम उठाने का फैसला लिया है। अगर कोई छात्र होली के दौरान गलत हरकत करता है, तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान, अगर किसी छात्र को परेशान किया जाता है, तो एंटी रैगिंग, एंटी ईव टीजिंग और छेड़छाड़ से संबंधित सभी प्रावधान लागू किए जाएंगे।

कैंपस का माहौल बिगाड़ने से बचने के लिए डीयू प्रशासन ने होली से पहले ही कॉलेजों, विभागों और हॉस्टलों के लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। प्रशासन ने महिलाओं के साथ हुड़दंग करने वालों के खिलाफ विश्वविद्यालय के नियमों और “Sexual Harassment of Women at Workplace Act 2013” के तहत कड़ी कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। डीयू प्रॉक्टर की ओर से जारी निर्देशों में कहा गया है कि शिक्षण संस्थानों के परिसर में गीले रंग, गुब्बारे, पिस्टन या किसी प्रकार का हुड़दंग करने की अनुमति नहीं होगी।

त्योहार के दौरान कॉलेजों और विभागों में प्रवेश के लिए पहचान पत्र अनिवार्य कर दिया गया है। इसके अलावा, बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश को रोकने के लिए गेट पर सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएंगे, जो छात्रों और बाहरी लोगों की पहचान पत्र की जांच करेंगे।

किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए कॉलेजों के प्रिंसिपल, संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष और हॉस्टल के प्रोवोस्ट उपलब्ध रहेंगे। पुलिस बल कॉलेजों के आसपास तैनात रहेगा और मोबाइल गश्त करेगा। होली के दौरान छात्रावासों में बाहरी लोगों के प्रवेश पर भी विशेष जांच की जाएगी।

डीयू ने यह स्पष्ट किया है कि होली के नाम पर किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उत्तरी और दक्षिणी परिसरों में संयुक्त कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं, जहां छात्र किसी भी समस्या के लिए संपर्क कर सकते हैं: उत्तरी कैंपस (27667291) और साउथ कैंपस (24119832)।

 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed