Edinbox Hindi

दिल्ली के स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों का ऐलान, बोर्ड कक्षाओं के लिए रेमेडियल क्लासेस जारी रहेंगी

दिल्ली में भीषण गर्मी को देखते हुए दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने सभी सरकारी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों की घोषणा कर दी है। आदेश के अनुसार, दिल्ली के सरकारी स्कूल 11 मई से 30 जून 2025 तक कुल 51 दिनों के लिए बंद रहेंगे। हालांकि, कक्षा 9वीं, 10वीं और 12वीं के छात्रों की पढ़ाई इस दौरान भी जारी रहेगी।

किन छात्रों की पढ़ाई जारी रहेगी?
शिक्षा निदेशालय के मुताबिक, बोर्ड कक्षाओं (कक्षा 10वीं और 12वीं) और कक्षा 9वीं के लिए 13 मई से 31 मई तक रेमेडियल क्लासेस आयोजित की जाएंगी। ये क्लासेस सुबह 7:30 से 10:30 बजे तक संचालित की जाएंगी ताकि छात्रों को गर्मी से राहत मिल सके। इन कक्षाओं में विज्ञान और गणित अनिवार्य होंगे, जबकि तीसरा विषय संबंधित स्कूल के प्रिंसिपल द्वारा तय किया जाएगा।

डबल शिफ्ट स्कूलों में विशेष व्यवस्था
जिन स्कूलों में दो शिफ्टों में पढ़ाई होती है, वहां छात्रों की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के लिए अलग-अलग विंग में कक्षाएं संचालित की जाएंगी। इससे शिक्षण व्यवस्था पर प्रभाव नहीं पड़ेगा।

छुट्टियों की अवधि बढ़ सकती है
यदि जून के अंत तक भी तापमान सामान्य से अधिक बना रहता है, तो गर्मी की छुट्टियों की अवधि बढ़ाई जा सकती है। इस स्थिति में ऑनलाइन कक्षाएं शुरू करने का निर्णय भी लिया जा सकता है। यह निर्देश केवल दिल्ली के सरकारी स्कूलों के लिए मान्य होंगे, जबकि प्राइवेट स्कूल अपनी छुट्टियों का निर्णय स्वतंत्र रूप से ले सकते हैं।

भारत-पाकिस्तान तनाव का असर
भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव का असर स्कूलों पर भी पड़ा है। कई राज्यों में एहतियातन 2–3 दिनों तक स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। पश्चिम बंगाल में गर्मी की छुट्टियां पहले 16 मई से शुरू होने वाली थीं, लेकिन अब ममता सरकार ने इनकी तारीख बदल दी है। नए आदेश के अनुसार, पश्चिम बंगाल के सभी स्कूलों में 9 मई 2025 से गर्मी की छुट्टियां शुरू हो चुकी हैं। यह निर्णय भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ती सैन्य गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed