Edinbox Hindi

झारखंड बोर्ड कक्षा 10वीं का रिजल्ट घोषित: 91.71% छात्र सफल, कोडरमा और पाकुड़ जिले टॉप पर

झारखंड अधिविद्य परिषद् (JAC) ने मंगलवार को कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित कर दिया। रिजल्ट की घोषणा राजधानी रांची स्थित जैक बोर्ड कार्यालय में आयोजित एक समारोह में की गई। इस कार्यक्रम में राज्य के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन और जैक बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा प्रमुख रूप से उपस्थित थे। दोनों ने संयुक्त रूप से परीक्षा परिणाम जारी किया।

छात्र अपने नतीजे jacresults.com और results.digilocker.gov.in पर ऑनलाइन देख सकते हैं।

इस साल झारखंड 10वीं बोर्ड परीक्षा 2025 में टॉप-5 रैंक में कुल 14 छात्र शामिल हैं, जिनमें से 12 लड़कियां हैं। खास बात यह है कि इन 12 लड़कियों में से 11 छात्राएं हजारीबाग स्थित इंदिरा गांधी बालिका हाई स्कूल से हैं।

हजारीबाग की गीतांजलि ने झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) 10वीं बोर्ड परीक्षा 2025 में टॉप कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। वह इंदिरा गांधी बालिका हाई स्कूल, हजारीबाग की छात्रा हैं। गीतांजलि ने कुल 500 में से 493 अंक हासिल किए हैं और 98.60% अंकों के साथ पूरे राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

इस साल बेहतर रहा परिणाम
इस वर्ष झारखंड बोर्ड 10वीं का पास प्रतिशत 91.71% रहा, जो पिछले वर्ष के 90.39% की तुलना में बेहतर प्रदर्शन है। कुल 4,03,488 छात्र परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 3,95,755 सफल हुए। जिलों की रैंकिंग की बात करें तो कोडरमा ने बाजी मारी है। 

जिन पांच जिलों ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, वे हैं- कोडरमा, पाकुड़, जामताड़ा, लातेहार और साहिबगंज। ग्रेडवार परिणाम का जहाँ तक सवाल है तो प्रथम श्रेणी में 2,02,140 छात्र, द्वितीय श्रेणी में 1,57,294 छात्र और तृतीय श्रेणी में 17,521 छात्र सफल हुए। 

परीक्षा और आगे की तैयारी
इस साल कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 11 फरवरी से 4 मार्च 2025 तक आयोजित की गई थीं। दसवीं के परिणाम जारी हो चुके हैं और अब छात्रों की निगाहें कक्षा 12वीं के रिजल्ट पर टिकी हैं, जो जल्द घोषित किया जाएगा।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed