
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET) 2025 का आयोजन 30 और 31 जुलाई को किया जाएगा। परीक्षा के सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने के लिए डीसी अभिषेक मीणा ने अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे ड्रेस कोड, आवश्यक दस्तावेज और परीक्षा समय जैसे निर्देशों का पूरी तरह पालन करें, ताकि केंद्र में किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके।
HTET परीक्षा तीन शिफ्टों में आयोजित की जाएगी। 30 जुलाई को लेवल-3 (PGT) की परीक्षा सायं 3:00 से 5:30 बजे तक होगी, जिसमें 7,444 उम्मीदवार शामिल होंगे। इसके अगले दिन यानी 31 जुलाई को सुबह 10:00 से 12:30 बजे तक लेवल-2 (TGT) की परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें 12,296 अभ्यर्थी भाग लेंगे। इसी दिन शाम 3:00 से 5:30 बजे तक लेवल-1 (PRT) की परीक्षा होगी, जिसमें 4,878 परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे। जिला प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश हैं कि परीक्षा पूर्णतः नकलमुक्त और शांतिपूर्ण तरीके से कराई जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित परीक्षा केंद्र के सुपरिटेंडेंट की होगी।
परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें, क्योंकि प्रवेश परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले ही बंद कर दिया जाएगा। प्रवेश के समय मेटल डिटेक्टर से जांच, बायोमेट्रिक सत्यापन और अन्य सुरक्षा औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
परीक्षा में ओएमआर शीट पर उत्तर भरने के लिए परीक्षार्थी केवल काले बॉल पॉइंट पेन का ही इस्तेमाल करें। उन्हें साथ में रंगीन प्रवेश पत्र और पंजीकरण के समय अपलोड की गई रंगीन फोटो (जो किसी राजपत्रित अधिकारी से प्रमाणित हो) अनिवार्य रूप से लानी होगी। इन दस्तावेजों के बिना परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, घड़ी, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, आभूषण (जैसे अंगूठी, चेन, झुमके), पर्स या किसी भी प्रकार के कागज़ के टुकड़े लाने पर सख्त प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, महिला उम्मीदवार बिंदी, सिंदूर और मंगलसूत्र पहन सकती हैं, और सिख अभ्यर्थियों को धार्मिक प्रतीक साथ रखने की अनुमति दी गई है।




Add comment