
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2025 के लिए चुने गए 45 उत्कृष्ट शिक्षकों को इस वर्ष शिक्षक दिवस (5 सितंबर) को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सम्मानित करेंगी। शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग ने चयनित शिक्षकों की सूची जारी कर दी है। इस पुरस्कार का मकसद शिक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले शिक्षकों को पहचान देना और उनके कार्यों से अन्य शिक्षकों को प्रेरित करना है।
कौन-कौन हैं विजेताओं में शामिल?
– महाराष्ट्र और बिहार से 3-3 शिक्षक चुने गए हैं।
– मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल से 2-2 शिक्षक चयनित हुए हैं।
– इसके अलावा, इस बार पीएम श्री स्कूलों से भी 5 शिक्षक इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुने गए हैं।
चयनित शिक्षक देशभर के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से हैं, जिन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
कठोर चयन प्रक्रिया
पुरस्कार विजेताओं का चयन एक बहु-स्तरीय और कठोर प्रक्रिया से हुआ है, जिसमें जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर मूल्यांकन शामिल रहा। पहली बार यह पुरस्कार 1958 में शुरू किए गए थे और 2018 में इसके दिशानिर्देश संशोधित किए गए थे।
क्या मिलेगा पुरस्कार में?
प्रत्येक शिक्षक को निम्नलिखित सम्मान दिए जाएंगे:
– 50,000 रुपये की नकद राशि
– एक रजत पदक
– प्रशंसा प्रमाण पत्र




Add comment