
दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में दो दिवसीय (24-25 अप्रैल) कैंपस प्लेसमेंट (Campus Placement) व इंटर्नशिप फेयर (Internship Fair) की शुरुआत बुधवार से होने जा रही है। इस जॉब फेयर में करीब 24 छोटी-बड़ी कंपनियां छात्र-छात्राओं को जॉब (Job) की पेशकश करेंगी। इसमें स्नातक स्तर के पहले, दूसरे व तीसरे वर्ष के छात्र हिस्सा ले रहे हैं। पहले व दूसरे वर्ष के छात्र जहां इंटर्नशिप के कंपनियों के समक्ष उपस्थित होंगे, वहीं अंतिम वर्ष के छात्रों को नौकरी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इसके बाद इस सत्र के लिए एक अंतिम प्लेसमेंट ड्राइव भी आयोजित किया जाएगा।
डीयू के डीन स्टूडेंट वेलफेयर के तत्वावधान में सेंट्रल प्लेसमेंट सेल की ओर से 24 व 25 अप्रैल को प्लेसमेंट व इंटर्नशिप फेयर आयोजित किया जा रहा है। डीयू के सेंट्रल प्लेसमेंट इंचार्ज डॉ हेना सिंह ने बताया कि जॉब मेले के लिए 3700 छात्रों ने पंजीकरण कराया है। मंगलवार को पंजीकरण प्रक्रिया को बंद कर दिया गया है। इन छात्रों को नौकरी की पेशकश करने के लिए 24 कंपनियां पहुंच रही हैं। डीयू के कांफ्रेंस सेंटर में आयोजित होने वाले इस मेले के पहले व दूसरे दिन 1500-1500 छात्र कंपनियों के समक्ष उपस्थित होंगे। एक साथ ज्यादा छात्रों की भीड़ ना हो इसके लिए ही आधे-आधे छात्रों को अलग-अलग दिन बुलाया गया है। इसके बाद इस सत्र के लिए एक अंतिम प्लेसमेंट ड्राइव भी आयोजित किया जाएगा।
लगभग दो साल पहले सीपीसी की ओर से इस तरह से जॉब मेले की शुरूआत की गई थी। बुधवार को शुरु होने वाले इस जॉब फेयर में मुख्य अतिथि डीयू कुलसचिव डॉ विकास गुप्ता व विशिष्ठ अतिथि के तौर पर इनमोबी ग्रुप की चीफ कॉरपोरेट अफेयर्स एंड पब्लिक पॉलिसी डॉ सुबी चर्तुवेदी उपस्थित होंगी। फेयर में ज्यादा से ज्यादा छात्रों को नौकरी के अवसर मिले, इसके लिए एक छात्र एक से अधिक कंपनियों के समक्ष उपस्थित हो सकेगा।
डीयू प्रशासन को जॉब मेले में छात्रों को अच्छे सैलेरी पैकेज मिलने की उम्मीद है। डीयू की ओर से कंपनियों को न्यूनतम सैलरी पैकेज 3.5 लाख रुपये तक बताया गया है। जबकि कंपनियां चाहें तो ज्यादा सैलरी की पेशकश कर सकती हैं। बताया जा रहा है कि सैलरी पैकेज 3.5 लाख से लेकर 8 लाख तक पहुंच सकता है।




Add comment