Edinbox Hindi

दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में ‘रन फॉर विकसित भारत’ का आयोजन, साइना नेहवाल और राजकुमार राव ने की शिरकत 

दिल्ली विश्वविद्यालय और विकसित भारत एम्बेसडर क्लब की ओर से यूनिवर्सिटी के नार्थ कैंपस में ‘रन फॉर विकसित भारत’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बतौर एक्टर राजकुमार राव और भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने शिरकत की। कार्यक्रम में दिल्ली यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो योगेश सिंह के साथ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, शिक्षक और छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। 

हजारों की संख्या में विकसित भारत दौड़ में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने हरी झंडी दिखाकर इस रन को रवाना किया। इससे पहले कार्यक्रम के आयोजकों ने राजकुमार राव और साइना नेहवाल को सम्मानित भी किया।

इस मौके पर अपने सम्बोधन में साइना नेहवाल ने कहा कि ‘भारत को विकसित बनाने में युवाओं की अहम भागीदारी रहने वाली है। एक खिलाड़ी होने के नाते मैं कहूंगी कि फिटनेस के लिए रोजाना दौड़ना चाहिए। जब सभी लोग स्वस्थ रहेंगे तो भारत भी फिट रहेगा। विकसित भारत का जो सपना हमारी सरकार ने देखा है, हम सभी को मिलकर उसे पूरा करना है। हम एक ऐसे भविष्य का निर्माण करें, एक ऐसे देश का निर्माण करें जो दुनिया में सर्वश्रेष्ठ हो।’ उन्होंने युवाओं से लोकतंत्र के महापर्व चुनाव में हिस्सा लेने की भी अपील की।  

चुनाव आयोग के ब्रांड एंबेसडर अभिनेता राजकुमार राव ने भी कहा कि ”आज की युवा पीढ़ी ही है जो भारत को विकसित बनाने में अहम भागीदारी निभाएगी।’  उन्होंने युवाओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की और कहा कि देश को विकसित बनाने के लिए यहां पर आए सभी छात्र-छात्राओं का सहयोग बहुत जरूरी है। 

बता दें कि दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने डीयू में ‘रन फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम के आयोजन को आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करार देते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर विरोध प्रकट किया था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव का आरोप था कि भाजपा लोकसभा चुनाव में लाभ लेने के लिए रन फॉर विकसित भारत कार्यक्रम आयोजन कर रही है। कार्यक्रम में मोदी सरकार का विकसित भारत अभियान का प्रचार और छात्रों को शामिल कर दिल्ली में लोकसभा चुनावों में अनुचित लाभ प्राप्त करने के लिए भाजपा चुनावी प्रचार का एजेंडा लागू कर रही है। 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed