Edinbox Hindi

अब जयपुर के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, मची अफरातफरी, अभी तक कुछ संदिग्ध नहीं मिला

Jaipur School Bomb Threat : दिल्ली-एनसीआर के स्कूलों को मिले धमकी भरे ई-मेल के बाद आज जयपुर के कई बड़े स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। धमकी भरे ई-मेल की सूचना मिलते ही पुलिस की नींद उड़ गई। आनन-फानन में बम निरोधक दस्तों को सक्रिय किया गया। पुलिस बल ने स्कूलों को खाली कराकर जांच शुरू कर दी। स्कूलों में सघन तलाशी अभियान चलाये गए। राहत की बात है कि खबर लिखे जाने तक किसी भी स्कूल में कुछ संदिग्ध मिलने की बात अब तक सामने नहीं आयी है। 
  
गौरतलब है कि आज ही जयपुर बम ब्लास्ट की बरसी है। 13 मई 2008 को जयपुर के परकोटे में आठ जगह सिलसिलेवार बम धमाके हुए थे जिनमें 73 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 185 घायल हुए थे। इस घटना की बरसी वाले दिन ही राजस्थान की राजधानी जयपुर के कुछ स्कूलों को ईमेल भेजे गए, जिसमें बम से उन्हें उड़ाने की धमकी दी गई। हालांकि एक दिन पहले यानी रविवार को जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ-साथ देश के कई हवाई अड्डों को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। यह अलग बात कि यह धमकी भी शरारत सिद्ध हुई। किसी भी एयरपोर्ट पर कुछ नहीं मिला था। 

जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसेफ ने पुष्टि की कि फिलहाल चार बड़े स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना है। बम निरोधक दस्ते के साथ पुलिस टीमें स्कूलों में पहुंच गई हैं। छात्रों और स्टाफ सदस्यों को स्कूल से बाहर निकालकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है। ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश कर रही है। 

वहीं, डीसीपी ईस्ट कवियेंद्र सागर ने बताया कि विद्याश्रम, माहेश्वरी पब्लिक स्कूल के मोती डूंगरी और मालपुर ब्रांच के साथ ही माणक चौक स्थित सेंट टेरेसा स्कूल को ई-मेल के जरिए यह धमकियां मिली थी। इसके बाद स्कूलों में तत्काल पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई है। अब तक कोई बम नहीं मिला है। बम निरोधक दस्ते मौके पर हैं। स्कूलों को खाली करवा लिया गया है।    

Super User EdinBox

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed