Edinbox Hindi

असम बोर्ड के परिणाम में कोई विसंगति नहीं, शिक्षा मंत्री ने नतीजों के पुनर्मूल्यांकन से किया इंकार

Assam Board HS 2024 Result: बीते 9 मई को असम हायर सेकेंडरी एजुकेशन काउंसिल (एएचएसईसी) यानी असम उच्चतर माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा घोषित परिणामों को लेकर उठ रहे सवालों पर राज्य के शिक्षा मंत्री रनोज पेगु ने स्पष्ट किया है कि इन नतीजों में कोई भी विसंगति या गलती नहीं पायी गयी है और ये बिलकुल ठीक है। उन्होंने इन परिणामों के पुनर्मूल्यांकन की किसी सम्भावना से भी साफ़ इंकार किया है। 

गौरतलब है कि 9 मई को घोषित परिणाम को लेकर कई छात्रों ने आरोप लगाया था कि उनके द्वारा प्राप्त अंक सही नहीं हैं और इसमें पुनर्मूल्यांकन की आवश्यकता है। लेकिन, शिक्षा मंत्री रनोज पेगु ने आज एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि असम बोर्ड के हायर सेकेंडरी के सभी अंक सही हैं और इसमें कोई विसंगति नहीं है। शिक्षा मंत्री से परिणाम को लेकर हस्तक्षेप करने की भी मांग उठ रही थी, जिसपर उन्होंने कहा: “एएचएसईसी ने छात्र की उत्तर पुस्तिका की जांच की है और उसकी मार्क शीट में दर्शाए गए अंकों की पुष्टि की है। इसमें कोई विसंगति नहीं है और कोई गलती नहीं है।”

गौरतलब है कि स्थानीय समाचार पत्रों में यह खबर छपी थी कि सोनितपुर जिले के इटाखोला के एक “मेधावी” छात्र को असम बोर्ड कक्षा 12वीं के परिणाम में अप्रत्याशित रूप से कम अंक प्राप्त हुए हैं। उक्त छात्र को अंग्रेजी में 35, असमिया में 47, रसायन विज्ञान में 10, भौतिकी में 11 और जीव विज्ञान में 8 अंक मिले थे। गणित में अंक की जगह उक्त स्थान को खाली छोड़ दिया गया था।

इस साल, AHSEC HS परीक्षा 12 फरवरी से 13 मार्च, 2024 तक आयोजित की गई थी। असम बोर्ड HS परीक्षा के लिए 2,73,908 छात्र उपस्थित हुए थे, और उनमें से 2,42,794 छात्र उत्तीर्ण हुए हैं। इस साल कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 88.64 प्रतिशत रहा, जहां लड़कियों ने इस साल भी हर स्ट्रीम में लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed