
केरल में एक कैथोलिक चर्च द्वारा संचालित कॉलेज ने आगामी शैक्षणिक सत्र में छात्रों को प्रवेश लेने के लिए आकर्षित करने वाले अपने उस प्रचार वीडियो को वापस ले लिया है जिसे लेकर आरोप लग रहे थे कि यह ‘कैंपस-प्रेम’ को बढ़ावा देता है। कॉलेज प्रबंधन ने वीडियो पर खेद जताया और कहा कि वीडियो से ऐसा आभास होता है कि संस्थान ‘कैंपस प्रेम’ को बढ़ावा देता है, और यह कॉलेज के मूल्यों के साथ-साथ “धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं” का उल्लंघन है।
हालांकि एर्नाकुलम जिले के मुवत्तुपुझा स्थित निर्मला कॉलेज के प्रबंधन ने साथ यह भी कहा कि वास्तविकता प्रचार वीडियो से परे है। गौरतलब है कि निर्मला कॉलेज (स्वायत्त) के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पिछले सप्ताह उक्त प्रचार वीडियो को जारी किया गया था। इसका उद्देश्य भावी छात्रों से आगामी शैक्षणिक वर्ष के लिए कॉलेज में प्रवेश लेने की अपील करना था। हालांकि वीडियो के सोशल मीडिया पर जारी होते ही इसपर विवाद पैदा हो गया था। आलोचकों ने कॉलेज पर नए प्रवेश आकर्षित करने के लिए “कैंपस प्रेम” को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था। इसके बाद कॉलेज को अपना प्रचार वीडियो वापस लेना पड़ा।
गौरतलब है कि लगभग डेढ़ मिनट लंबे इस वीडियो में कॉलेज परिसर में एक युवा जोड़े को एक लोकप्रिय रोमांटिक मलयालम फिल्म गीत, ‘पूमानाम’ की पृष्ठभूमि में हाथ पकड़े हुए दिखाया गया था। इसमें मुत्ताथु वर्की द्वारा लिखित मलयालम रोमांटिक उपन्यास ‘इनाप्रावुकल’ का कवर भी दिखाया गया था। इसके बाद एक सन्देश था कि “पढ़ने से आपका दिमाग खुलता है और कल्पना जागृत होती है।” वीडियो का समापन कॉलेज में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित करने वाले पाठ के साथ होता है।
कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. केवी थॉमस ने कहा कि वीडियो एक बाहरी एजेंसी द्वारा तैयार किया गया था। “सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आने के तुरंत बाद, हमें एहसास हुआ कि वीडियो गलत संदेश देगा, और इसलिए हमने इसे तुरंत हटा दिया। प्रबंधन ने सभी से वीडियो प्रसारित न करने का भी आग्रह किया…वीडियो से यह गलत धारणा बनती है कि कॉलेज और उसकी लाइब्रेरी प्रेम संबंधों के लिए सुविधाएं दे रही है। हम छात्रों और उनके अभिभावकों के प्रति जिम्मेदार हैं। कॉलेज सीमाओं से परे के संबंधों को बढ़ावा नहीं देता,” प्रिंसिपल ने कहा।
कॉलेज प्रबंधक फादर पायस मालेकंडाथिल ने भी वीडियो पर खेद व्यक्त किया और माना कि यह संस्थान के घोषित मूल्यों के विपरीत प्रतीत होता है। उन्होंने कहा, “मुवत्तुपुझा निर्मला कॉलेज ने अपने 70 वर्षों के अस्तित्व में सदाचार, मानवतावाद और सांस्कृतिक सिद्धांतों को बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किया है।” साथ ही उन्होंने किसी भी पूर्वाग्रह या गलत इरादे से वीडियो प्रसारित करने से लोगों बचने की भी अपील की।
उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि वीडियो एक विज्ञापन एजेंसी द्वारा एक प्रचार अभियान के हिस्से के रूप में तैयार किया गया था और कॉलेज अधिकारियों को जांच करने और तुरंत एक रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया था।
कॉलेज प्रशासन ने किसी भी पूर्वाग्रह या गलत इरादे से वीडियो प्रसारित करने से बचने की भी अपील की।




Add comment