
सीबीएसई बोर्ड (CBSE Board) ने 10वीं कक्षा के नतीजे भी घोषित कर दिए है। इस वर्ष 10वीं में 93.60 फीसदी बच्चे पास हुए। इस साल लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है। लड़कियों का पास प्रतिशत लड़कों से 2.04% ज्यादा है। लड़कियों का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 94.75% और लड़कों का 92.71% है। सीबीएसई बोर्ड 10वीं कक्षा में 2,12,384 छात्रों ने 90% या उससे अधिक अंक हासिल किए हैं। वहीं, 47,983 छात्रों के 95% या उससे अधिक अंक आए हैं। इस साल कुल 132337 उम्मीदवारों को कंपार्टमेंट में रखा गया है जोकि 5.91% है और यह पिछले साल से कम है। 2023 में कंपार्टमेंट वाले छात्रों का प्रतिशत 6.22% था।
10वीं के छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट results.cbse.nic.in पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं। इस साल बोर्ड ने टॉपर्स के नामों की घोषणा नहीं की है। बोर्ड ने “अस्वस्थ प्रतिस्पर्धा से बचने” के लिए टॉपर्स की मेरिट सूची को रोकने की प्रथा जारी रखी। इसमें कहा गया है कि वह उच्चतम अंक प्राप्त करने वाले 0.1% छात्रों को योग्यता प्रमाणपत्र जारी करेगा। आज 10वीं के परिणाम की घोषणा के साथ ही सीबीएसई ने इसका भी ऐलान किया है कि 2024-25 शैक्षणिक सत्र के लिए कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षाएं अगले साल 15 फरवरी से आयोजित की जाएंगी।




Add comment