
नीट परीक्षा को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही फर्जी सूचनाओं ने एक बार फिर छात्रों की चिंता बढ़ा दी है। हाल के दिनों में टेलीग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर पेपर लीक के दावे तेजी से वायरल हुए, जिन्हें लेकर अधिकारियों ने सख्त चेतावनी जारी की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह अफवाहें पूरी तरह झूठी हैं और अभ्यर्थियों को ऐसे किसी भी संदेश या लिंक पर भरोसा नहीं करना चाहिए।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने कहा है कि सभी उम्मीदवार केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें। एनटीए की वेबसाइट और उसके वेरिफाइड सोशल मीडिया अकाउंट्स ही सही और अपडेटेड जानकारी देने वाले माध्यम हैं। एजेंसी ने बताया कि पेपर लीक जैसी अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है और संदिग्ध चैनलों को लगातार ब्लॉक किया जा रहा है।
एनटीए ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “टेलीग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म पर NEET पेपर से जुड़ी झूठी सूचनाएं फैलाने वाले धोखेबाजों से सावधान रहें। किसी भी तरह के स्कैम का हिस्सा न बनें। केवल आधिकारिक वेबसाइट और वेरिफाइड सोशल मीडिया हैंडल से मिलने वाली जानकारी पर ही भरोसा करें। ऐसे फर्जीवाड़े में शामिल लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”
परीक्षा से पहले आवश्यक सावधानियां
एनटीए ने बताया कि परीक्षा अब करीब है, इसलिए उम्मीदवारों को सभी दिशा-निर्देश पहले से समझ लेने चाहिए। एजेंसी ने साफ कहा है कि परीक्षा के दिन छोटी-सी गलती भी बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है। वैध पहचान पत्र साथ रखना, निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करना और परीक्षा केंद्र के सभी नियमों को मानना अनिवार्य है।
छात्रों की सुविधा के लिए एनटीए ने परीक्षा से जुड़े सामान्य सवालों के जवाब भी साझा किए हैं, ताकि किसी तरह की भ्रम की स्थिति न बने और परीक्षा का अनुभव सुचारू रहे।
पहचान पत्र अनिवार्य
परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए वैध मूल फोटो पहचान पत्र जरूरी है। आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी या पासपोर्ट जैसे मान्य दस्तावेजों में से कोई भी साथ रखना आवश्यक है।
ड्रेस कोड में सादगी जरूरी
एनटीए ने हल्के और साधारण कपड़े पहनने की सलाह दी है। पूरी आस्तीन वाले कपड़े, एक्सेसरीज़, गहने या भारी सामान पहनने से बचना चाहिए।
OMR शीट सावधानी से भरें
उत्तर पत्रक को केवल दिए गए पेन से भरें। करेक्शन पेन या दोबारा लिखने जैसी गलतियां OMR की स्कैनिंग में समस्या पैदा कर सकती हैं।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सख्त वर्जित
परीक्षा हॉल में घड़ी, मोबाइल, ईयरफोन या किसी भी तरह का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं है।
एनटीए ने दोबारा दोहराया है कि उम्मीदवारों की सुरक्षा और निष्पक्ष परीक्षा उसकी प्राथमिकता है। ऐसे में छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अफवाहों से दूर रहें, शांत मन से तैयारी करें और केवल सत्यापित स्रोतों पर भरोसा करें।




Add comment