
न्यूजीलैंड में कई प्रसिद्ध यूनिवर्सिटीज हैं, जिनकी दुनियाभर में काफी मान्यता है। अगर आप इस बार वहां पर कॉलेज में एडमिशन लेने के बारे में सोच रहे हैं, तो पहले वहां की शिक्षा व्यवस्था के बारे में कुछ अहम चीजें जान लें।
भारत में स्कूल की पढ़ाई करने के बाद अगर आप डिग्री कोर्स के लिए न्यूजीलैंड के किसी कॉलेज में अप्लाई करने जा रहे हैं तो इस बात का ध्यान रखें कि वहां और हमारे देश की शिक्षा व्यवस्था में अंतर है। डिग्री के लिए अप्लाई करने से पहले वहां की शिक्षा व्यवस्था के बारे में कुछ चीजें पहले से जान लेना बेहद जरूरी है।
ऑनर्स के लिए करनी होगी एक साल और पढ़ाई
न्यूजीलैंड में बैचलर या मास्टर्स डिग्री की पढ़ाई के दौरान आपक एक साल की पढ़ाई और करनी पढ़ेगी। बैचलर डिग्री कोर्स तीन साल का होता है। इसके बाद ऑनर्स पाने के लिए एक साल और कोर्स की पढ़ाई होती है। हालांकि, कुछ कोर्स में बैचलर डिग्री चार साल की भी है, ऐसे में आप किस कोर्स के लिए अप्लाई कर रहे हैं, इसके अनुसार चीजों को तय करें।
अगर आप बैचलर डिग्री में ऑनर्स नहीं करते हैं तो मास्टर्स डिग्री कोर्स में इसके लिए एक साल की और पढ़ाई करते हुए ऑनर्स लेना होगा। बैचलर्स की स्टडी के दौरान अगर आपने ऑनर्स का कोर्स पूरा कर लिया है तब आप मास्टर्स डिग्री एक साल में कंप्लीट कर सकते हैं।
नहीं मिलेंगे स्थानीय स्टूडेंट्स जैसे लाभ
न्यूजीलैंड में स्थानीय स्टूडेंट्स के लिए शिक्षा से जुड़ी कई सुविधाएं हैं, जो उनके लिए पढ़ाई को सस्ता बना देती हैं। हालांकि, बाहरी स्टूडेंट्स को कोई छूट नहीं दी जाती है। उन्हें हर चीज के लिए पूरी फीस का भुगतान करना होगा।
कब करें अप्लाई
न्यूजीलैंड में डिग्री कोर्स करने के लिए कम से कम 6 महीने पहले तैयारी करें। यहां पर ज्यादातर इनटेक प्रोसेस जनवरी और जुलाई के महीने में होता है। एडमिशन की तैयारी के दौरान भाषा, ऐप्टिट्यूड टेस्ट आदि पहले ही क्लियर कर लें। इसके बाद फॉर्म को भरने व उसमें लगने वाले दस्तावेजों को अच्छे से तैयार कर लें, ताकि ऐन वक्त पर कोई दिक्कत न आए।
कुछ यूनिवर्सिटीज सितंबर, अक्टूबर में भी एडमिशन देती हैं। वहीं वोकेशनल कोर्स के लिए कुछ कॉलेज मार्च, अप्रैल, मई या जुलाई में एडमिशन ओपन करते हैं।




Add comment