
NCET 2024 Exam Postponed: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने तकनीकी कारणों से नेशनल कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (NCET) 2024 को स्थगित कर दिया है। एनटीए ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट ncet.samarth.ac.in पर अधिसूचना जारी कर यह जानकारी साझा की। 12 जून को एनसीईटी 2024 परीक्षा सभी केंद्रों पर शुरू नहीं हो सकी, लिहाजा इसे स्थगित कर दिया गया। कुछ केंद्रों पर परीक्षा आयोजित नहीं की जा सकी थी। नई तारीख की घोषणा जल्द ही की जाएगी।
NTA ने एक आधिकारिक नोटिस में कहा, “दुर्भाग्य से, तकनीकी कारणों से, कुछ केंद्रों पर शुरू हुई परीक्षा सभी परीक्षा केंद्रों पर शुरू नहीं हो सकी। नतीजतन, परीक्षा स्थगित कर दी गई है। NCET 2024 की नई तारीख की घोषणा जल्द ही आधिकारिक NCET पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।”
एनटीए ने जारी अधिसूचना में कहा कि दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होने वाली परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को हुई असुविधा के लिए खेद है। एनसीईटी 2024 के लिए कुल 40,233 छात्रों ने पंजीकरण कराया था। बायोमेट्रिक पंजीकरण डेटा के अनुसार, देश भर के लगभग 160 शहरों में स्थित 292 केंद्रों पर लगभग 29,000 उम्मीदवार परीक्षा के लिए उपस्थित हुए।
NCET 2024 परीक्षा कुल 66 विषयों के लिए आयोजित की जाएगी, जिसमें 38 भाषाएं, 26 डोमेन विषय, एक सामान्य परीक्षा और एक शिक्षण योग्यता परीक्षा शामिल है। प्रत्येक उम्मीदवार को दो भाषाएँ, तीन डोमेन विषय, एक सामान्य परीक्षा और एक शिक्षण योग्यता परीक्षा सहित कुल सात विषय देने होंगे।
एनसीईटी 2024 परीक्षा शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए भाग लेने वाले केंद्रीय और राज्य विश्वविद्यालयों के साथ-साथ भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) और राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (एनआईटी) सहित अन्य संस्थानों में चार वर्षीय एकीकृत शिक्षक शिक्षा कार्यक्रम (आईटीईपी) में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है।




Add comment