
नीट पेपर लीक मामले को ईओयू से अपने हाथों में लेने के बाद सीबीआई तेजी से कार्रवाई कर रही है। सीबीआई की टीमें बिहार, झारखण्ड और गुजरात में जांच में जुटी हैं। इसी क्रम में आज गुरुवार को उसने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नीट पेपर लीक मामले में दो प्रमुख आरोपियों की गिरफ्तारी की। सीबीआई ने बिहार की राजधानी पटना से आरोपी मनीष प्रकाश और आशुतोष कुमार को गिरफ्तार किया। मनीष प्रकाश ही वह शख्स है जिसने ‘सेफ हाउस’ में कमरा बुक कराया था। सीबीआई ने आरोपी मनीष प्रकाश को पूछताछ के लिए बुलाया था और फिर उसे गिरफ्तार कर लिया।
मनीष प्रकाश ने अपने दोस्त आशुतोष से कहकर लर्न एंड प्ले स्कूल को परीक्षार्थियों के लिए बुक कराया था। दरअसल पटना के खेमनी चक स्थित लर्न प्ले स्कूल में मिला जला हुआ नीट का प्रश्न पत्र नीट पेपर लीक कांड के सबसे अहम सबूतों में एक है। इस प्ले एंड लर्न स्कूल को मनीष प्रकाश ने रात भर के लिए किराए पर बुक कराया था।
बता दें, इसी स्कूल से जले हुए मिले प्रश्न पत्र के आधार पर पटना पुलिस और आर्थिक अपराध इकाई की जांच की सारी थ्योरी टिकी हुई थी। EOU की टीम लगातार एनटीए से जले हुए प्रश्न पत्र के बारे में जानकारी मांग रही थी। इस स्कूल से मिले हुए जले हुए पेपर के सीरियल नंबर से ही जांच की आगे की कड़ी जुड़ी है। इस पेपर पर दी गई जानकारी से पता चला था कि ये हजारीबाग के ओएसिस स्कूल के परीक्षा केंद्र से लीक हुआ था।
आरोप है कि मनीष प्रकाश ने ही यहां पर 20 से 25 की संख्या में नीट परीक्षार्थियों को रुकवाया था जिन्होंने नीट पेपर प्रश्न पत्र और आंसर शीट रटकर एग्जाम दिया। ये भी कहा गया था कि मनीष प्रकाश ने संजीव मुखिया के कहने पर परीक्षार्थियों के लिए शेल्टर का इंतजाम किया। मनीष प्रकाश मूल रूप से नालंदा का ही रहने वाला है और उसकी फैमिली पटना के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के संदलपुर इलाके में रहती है। सीबीआई अब मनीष को गिरफ्तार कर चुकी है, पूछताछ में अब इस मामले से जुड़े और भी राज खुलेंगे।
सीबीआई ने मनीष के साथ उसके जिस दोस्त आशुतोष को गिरफ्तार किया है, वह नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई की दूसरी गिरफ्तारी है। कुछ दिनों पहले आशुतोष ने एक मीडिया समूह को दिए इंटरव्यू में पेपर लीक की बात कबूली थी।
साथ ही सीबीआई ने पेपर लीक के दो आरोपी चिंटू और मुकेश को भी रिमांड पर लिया हुआ है। सीबीआई की दो टीम इस वक़्त नालंदा और समस्तीपुर में है, वहीं एक टीम हजारीबाग पहुंची हुई है। यहाँ वह सीबीआई ओएसिस स्कूल के प्रिंसिपल सहित कुल 8 लोगों से पूछताछ कर रही है।




Add comment