
मध्य प्रदेश के स्कूलों में आपातकाल के बारे में पढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि देश में 1975-77 में आपातकाल के दौरान की गई ज्यादतियों और दमन का विरोध करने वालों द्वारा की गई लड़ाई को समझाने वाला एक अध्याय राज्य के स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा।
मोहन यादव ने साथ ही देश में लागू किए गए आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर इसके खिलाफ संघर्ष में भाग लेने वाले “लोकतंत्र सेनानियों” के लिए कई अतिरिक्त सुविधाओं की भी घोषणा की। लोकतंत्र सेनानियों को तीन दिन तक सरकारी अतिथि गृह में ठहरने की सुविधा 50 प्रतिशत छूट पर दी जाएगी। उन्हें राजमार्ग पर टोल चुकाने में भी छूट मिलेगी। सीएम ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों को आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड के माध्यम से इलाज पर होने वाले खर्च के भुगतान में कोई देरी नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान पीढ़ी को आपातकाल के दौरान संघर्ष से अवगत कराने के उद्देश्य से देश में व्याप्त परिस्थितियों, दमन और तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा उठाए गए कठोर कदम का विरोध करने के लिए लोकतंत्र सेनानियों के दृढ़ संकल्प पर एक पाठ स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा।
मुख्यमंत्री भोपाल स्थित अपने आवास पर आपातकाल के खिलाफ लड़ाई लड़ने वालों की सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आपातकाल 21 महीने तक चला था, जिसमें नागरिक स्वतंत्रता का हनन, असहमति का दमन और लोकतांत्रिक सिद्धांतों का हनन हुआ था।




Add comment