Edinbox Hindi

नीट पीजी परीक्षा की नई तिथियों का जल्द हो सकता है एलान

NEET PG 2024: नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) जल्द ही राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा स्नातकोत्तर (NEET PG 2024) परीक्षा कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है। संभव है कि एक-दो दिनों में इसका एलान कर दिया जाए। गौरतलब है कि पहले एनबीई प्रेसिडेंट ने कहा था कि परीक्षा तारीख अगले वीकेंड से पहले आ जाएगी। वहीं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी शनिवार को यह बयान दिया है कि अगले दो-तीन दिनों में राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (NBE) द्वारा नीट पीजी (NEET-PG) के लिए नए कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी। 

बता दें कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर उठे विवाद के बीच पिछले सप्ताह आयोजन से 12 घंटे पहले नीट पीजी (NEET-PG) परीक्षा  को एहतियात के तौर पर रद्द कर दिया गया था। तब से लेकर अब तक कैंडिडेट्स को नई एग्जाम डेट रिलीज होने का इंतजार है। माना जा रहा है कि नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन आज यानी 1 जुलाई 2024 या कल 2 जुलाई 2024 के दिन नीट पीजी परीक्षा की नई तारीख का संभवतः ऐलान कर देगा।  

गौरतलब है कि नीट पीजी 2024 परीक्षा 13,886 मास्टर ऑफ सर्जरी (MS), 26,699 डॉक्टर ऑफ मेडिसिन (MD) और 922 पोस्ट ग्रेजुएट (PG) डिप्लोमा सीटों पर प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है। भारतीय चिकित्सा परिषद अधिनियम के अनुसार, एमएस, एमडी और पीजी डिप्लोमा प्रवेश के लिए किसी अन्य प्रवेश परीक्षा को मान्यता नहीं दी जाती है। सफल उम्मीदवार सरकारी और निजी दोनों संस्थानों को मिलाकर 350 से अधिक मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश सुरक्षित कर सकते हैं।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed