
ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित उत्कल संगीत महाविद्यालय के एक छात्र ने प्रिंसिपल के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि प्रिंसिपल ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
पुलिस के मुताबिक, प्लस 3 के छात्र नीलांबर दाश ने प्रिंसिपल पर आरोप लगाया है कि उसने प्लस 2 के छात्रों से काउंसिल सर्टिफिकेट देने के लिए कथित तौर पर अधिक राशि वसूलने पर अधिकारियों से बात की थी, जिसके बाद प्रिंसिपल ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
छात्र का आरोप है कि कॉलेज के कर्मचारियों ने छात्रों से काउंसिल सर्टिफिकेट देने के लिए सामान्य शुल्क 200 रुपये के बजाय 230 रुपये वसूले और उन्हें रसीद भी नहीं दी।
खारवेल नगर पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया, “दाश के अनुसार, घटना 28 जून को हुई थी, लेकिन उन्होंने अब इसकी शिकायत दर्ज कराई है। मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।”
बता दें कि उत्कल संगीत महाविद्यालय, भुवनेश्वर की स्थापना 14 अप्रैल, 1964 को ओडिशा के तत्कालीन मुख्यमंत्री स्वर्गीय बीजू पटनायक द्वारा ओडिशा संगीत नाटक अकादमी, भुवनेश्वर के प्रशासनिक नियंत्रण में शैक्षणिक पाठ्यक्रम के तहत संस्कृति के समुचित प्रशिक्षण और प्रसार के लिए की गई थी। कॉलेज का प्रबंधन 1964-81 तक संगीत नाटक अकादमी के अधीन रहा और उत्तीर्ण छात्रों को संगीत भारती और संगीत आचार्य का प्रमाणपत्र दिया गया। बाद में यह उत्कल विश्वविद्यालय से सम्बद्ध किया गया।




Add comment