
दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के कुलपति योगेश सिंह ने कहा है कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की तरह डीयू की अलग से पीएचडी प्रवेश परीक्षा आयोजित करने की कोई योजना नहीं है। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय यूजीसी से मार्गदर्शन का इंतजार कर रहा है।
गौरतलब है कि पीएचडी प्रवेश को लेकर अनिश्चितता तब पैदा हुई जब केंद्र ने यूजीसी नेट परीक्षा रद्द कर दी, जो पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए महत्वपूर्ण थी। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित यूजीसी नेट परीक्षा, शिक्षण पदों और पीएचडी प्रवेश के लिए पात्रता निर्धारित करती है।
DU के कुलपति योगेश सिंह ने बताया, “हमारी अलग से इन-हाउस पीएचडी प्रवेश परीक्षा आयोजित करने की कोई योजना नहीं है। यूजीसी जो भी सुझाव देगा, हम उसका पालन करेंगे। हमें एनटीए से कोई संचार नहीं मिला है और हम उनके मार्गदर्शन का इंतजार कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि पीएचडी के लिए शैक्षणिक सत्र में कुछ देरी होगी।”
बता दें कि गृह मंत्रालय (MHA) द्वारा परीक्षा की शुचिता पर चिंता जताए जाने के बाद 19 जून को एनटीए ने परीक्षा रद्द कर दी थी। इस बीच, जेएनयू पीएचडी प्रवेश के लिए यूजीसी नेट परीक्षा को छोड़ने और इन-हाउस प्रवेश परीक्षा पर वापस लौटने पर विचार कर रहा है। हालांकि इस साल, जेएनयू ने घोषणा की थी कि वह राष्ट्रीय शिक्षा नीति (ΝΕΡ) 2020 के अनुरूप, अपनी स्वयं की प्रवेश परीक्षा आयोजित करने के बजाय राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) स्कोर स्वीकार करेगा।




Add comment