
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (एनईईटी) पेपर लीक मामले में कार्रवाई लगातार जारी है। इस मामले में अब तक सीबीआई ने कई लोगों को गिरफ्तार किया है। इन सब के बीच नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने मंगलवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (एनईईटी) यूजी के प्रश्न पत्र को चुराने और प्रसारित करने के आरोप में दो और लोगों को गिरफ्तार किया।
केंद्रीय जांच एजेंसी ने हजारीबाग शहर के एक गेस्ट हाउस में छापा मारकर संचालक राजकुमार उर्फ राजू को गिरफ्तार किया। उस पर आरोप है कि उसने लीक पेपर को बांटा था। इसके साथ सीबीआई ने पटना से पंकज सिंह को भी गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि उसने हजारीबाग ट्रंक से नीट के पेपर चोरी किए।
इससे पहले 3 जुलाई को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) प्रश्नपत्र लीक मामले में कथित सह-साजिशकर्ता अमन सिंह को धनबाद से गिरफ्तार किया था। सीबीआई को कथित तौर पर प्रश्न पत्र लीक में शामिल झारखंड में सक्रिय मॉड्यूल के बारे में खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके बाद अमन को गिरफ्तार किया गया था। इस दिन तक इस मामले के सिलसिले में केंद्रीय एजेंसी की यह छठी गिरफ्तारी थी।
सीबीआई की अब तक जांच में इसके पुख्ता साक्ष्य सामने आए हैं कि नीट-यूजी के पेपर ओएसिस स्कूल स्थित सेंटर से लीक किए गए थे। यहीं से पेपर पटना भेजा गया था, जहां एक हॉस्टल में कई छात्रों से मोटी रकम लेकर न सिर्फ पेपर उपलब्ध कराए गए थे, बल्कि उनके उत्तर भी रटवाए गए थे।




Add comment