
International Maths Olympiad: भारत ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत ने अंतर्राष्ट्रीय गणित ओलंपियाड में अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान प्राप्त किया है। भारतीय दल 4 स्वर्ण और एक रजत पदक अपने साथ लेकर लौटा। 1989 के बाद यह भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
भारत की छह छात्रों की टीम ने यूनाइटेड किंगडम के बाथ शहर में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय गणित ओलंपियाड (आईएमओ) 2024 में हिस्सा लिया जिसमें विश्व स्तर पर उसने चौथा स्थान हासिल किया। भारत की इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बधाई दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे लेकर ट्वीट करते हुए कहा कि, “यह बेहद खुशी और गर्व की बात है कि भारत अंतर्राष्ट्रीय गणित ओलंपियाड में अपने अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन में चौथे स्थान पर आया है। हमारा दल 4 स्वर्ण और एक रजत पदक लेकर आया है। यह उपलब्धि कई अन्य युवाओं को प्रेरित करेगी और गणित को और अधिक लोकप्रिय बनाने में मदद करेगी।”




Add comment