
लखनऊ विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2024-25 से छह विषयों में ऑनलाइन एमए कोर्स की शुरुआत होगी। इस पर फैकल्टी बोर्ड की बैठक में मुहर लग गई है। विभागों को जल्द सिलेबस तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
लखनऊ विश्वविद्यालय में ऑनलाइन डिस्टेंस एजुकेशन के तहत छह विषयों में ऑनलाइन एमए पाठ्यक्रम शुरू करने को लेकर विवि में फैकल्टी बोर्ड की बैठक हुई। बैठक में इन कोर्सों से संबंधित प्रोग्राम प्रोजेक्ट रिपोर्ट (पीपीआर) पर चर्चा हुई। इसमें सभी विभागों को ऑनलाइन कोर्स का सिलेबस जल्द से जल्द तैयार करने के निर्देश दिए गए।
वर्तमान शैक्षणिक सत्र में विवि जिन छह विषयों में ऑनलाइन एमए शुरू कर रहा है, उसमें एमए अंग्रेजी, एआईएच, पॉलीटिकल साइंस, संस्कृत, इकनॉमिक्स और एमएसडब्ल्यू शामिल हैं। बैठक में सभी सदस्यों ने सभी प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की बोर्ड ऑफ स्टडीज से पास हुए प्रस्ताव भी बैठक में रखे गए, जो सिलेबस में परिवर्तन व अन्य विषयों से संबंधित थे, समिति ने इन्हें भी मंजूरी दी।
हाल ही में लखनऊ यूनिवर्सिटी ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वेबमेट्रिक्स की ओर से जारी रैंकिंग में एलयू को भारत में उच्च शिक्षा संस्थानों में 98वां स्थान मिला है। वहीं भारत के विश्वविद्यालयों में एलयू का 47वां स्थान रहा। LU उत्तर प्रदेश की एकमात्र राज्य यूनिवर्सिटी है जो वेबमेट्रिक्स की ओर से जारी रैंकिंग के शीर्ष 100 में शामिल है। उच्च शिक्षा संस्थानों और विश्वविद्यालयों की वेबमेट्रिक्स रैंकिंग साइबरमेट्रिक्स लैब की एक पहल है। यह स्पेन के कॉन्सेजो सुपीरियर डे इंवेस्टिगेशियन्स साइंटिफिकस (सीएसआईसी) से संबंधित एक शोध समूह है। यह रैंकिंग प्रणाली दुनिया भर में 31000 से अधिक उच्च शिक्षा संस्थानों का मूल्यांकन करती है। उच्च शिक्षा संस्थानों के प्रदर्शन और प्रभाव के बारे में मूल्यवान जानकारी देती है।




Add comment