
मशहूर यूट्यूबर ध्रुव राठी की मुश्किलें बढ़ती हुई लग रही हैं। उन्हें दिल्ली की साकेत कोर्ट ने समन जारी कर पेश होने के लिए कहा है। ध्रुव राठी पर मानहानी का केस दर्ज है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सुरेश करमशी नखुआ ने उनके खिलाफ कथित तौर पर उन्हें हिंसक और अपमानजनक ट्रोल कहने के लिए मानहानि का मुकदमा दायर किया है। साकेत कोर्ट में मामले की अगली सुनवाई 6 अगस्त को होगी।
साकेत कोर्ट के जिला न्यायाधीश गुंजन गुप्ता ने यह आदेश पारित किया। न्यायालय ने अंतरिम राहत के लिए नखुआ की याचिका पर राठी को नोटिस भी जारी किया और कहा कि मामले की अगली सुनवाई 6 अगस्त को होगी।
नखुआ की ओर से वकील राघव अवस्थी और मुकेश शर्मा पेश हुए। राठी ने 7 जुलाई 2024 को अपने यूट्यूब चैनल पर माई रिप्लाई टू गोडी यू ट्यूबर्स | एल्विश यादव | ध्रुव राठी शीर्षक से एक वीडियो अपलोड किया था। भाजपा की मुंबई इकाई के प्रवक्ता नखुआ ने आरोप लगाया था कि राठी ने उन्हें ‘हिंसक और अपमानजनक ट्रोल’ का हिस्सा बताया, लेकिन आरोप बिना किसी ‘तर्क या कारण’ के हैं और उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की प्रवृत्ति रखते हैं।
बता दें कि ध्रुव राठी मशहूर यूट्यूबर हैं। यूट्यूब पर उनके 23 मिलियन से अधिक सब्सक्राइबर हैं। ध्रुव राठी सोशल, पॉलिटिकल और पर्यावरण जैसे मुद्दों पर वीडियो बनाते हैं। वह अक्सर अपनी इन्हीं वीडियोज को लेकर चर्चा में रहते हैं। उनके वीडियो काफी वायरल होते हैं। कुछ लोग उनपर एकतरफा वीडियो बनाने का भी आरोप लगाते हैं।




Add comment