Edinbox Hindi

सीयूईटी-यूजी के परिणाम की घोषणा से स्नातक प्रवेश प्रक्रिया का रास्ता साफ

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के संयुक्त विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा-स्नातक यानी सीयूईटी-यूजी (CUET-UG) के परिणाम घोषित करने के बाद  अब स्नातक दाखिला प्रक्रिया शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है। दाखिला प्रक्रिया में इस साल काफी देरी हो चुकी है। इससे पहले एनटीए ने सात जुलाई को सीयूईटी-यूजी 2024 की उत्तर कुंजी जारी कर दी थी। लगभग एक हजार अभ्यर्थियों की शिकायत सही पाए जाने पर उनकी दोबारा परीक्षा 19 जुलाई को आयोजित की गई थी।

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (स्नातक) (नीट-यूजी) और राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (यूजीसी-नेट) सहित प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर विवाद के बीच सीयूईटी-यूजी के नतीजों में देरी हुई है। शुरुआत में सीयूईटी-यूजी परिणाम 30 जून को घोषित किए जाने थे, लेकिन एनटीए ने इसमें देरी की। इसकी वजह बताई गई कि वह नीट-यूजी, यूजीसी-नेट और सीएसआईआर-यूजीसी-नेट परीक्षाओं में प्रश्न पत्र लीक के आरोपों से जूझ रही थी।

देशभर में पहली बार ‘हाइब्रिड मोड’ में आयोजित सीयूईटी-यूजी परीक्षा को तय तारीख से एक रात पहले दिल्ली में संसाधन संबंधी कारणों का हवाला देते हुए रद्द कर दिया गया था। राष्ट्रीय राजधानी में बाद में परीक्षा आयोजित की गई थी। इससे पहले एनटीए ने घोषणा की थी कि सीयूईटी-यूजी का तीसरा संस्करण सात दिन में पूरा हो जाएगा और अंकों का कोई सामान्यीकरण नहीं होगा, क्योंकि सभी परीक्षाएं एक ही पाली में आयोजित की जाएंगी। 15 विषयों के लिए परीक्षाएं पारंपरिक माध्यम में हुई थीं। अन्य 48 विषयों के लिए, परीक्षा कंप्यूटर-आधारित मोड में आयोजित की गई थीं।

इस साल 261 केंद्रीय, राज्य, डीम्ड और निजी विश्वविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा को लेकर 13.4 लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया था। 2022 में आयोजित परीक्षा के पहले संस्करण में तकनीकी गड़बड़ियों की वजह से परीक्षा प्रभावित हुई थी।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed