
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी यानी आईआईटी दिल्ली (IIT Delhi) में डिजाइन विभाग शैक्षणिक वर्ष 2025-26 से एक नया चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम बीटेक इन डिजाइन (B.Tech in Design) शुरू कर रहा है। इस नए कोर्स में एडमिशन जेईई (एडवांस्ड) रैंकिंग के आधार पर होगा। हालांकि, उम्मीदवारों को डिजाइन एप्टीट्यूड टेस्ट, यूसीईईडी (अंडरग्रेजुएट कॉमन एंट्रेंस एग्जाम फॉर डिजाइन- UCEED) में भी उत्तीर्ण होना होगा। चार साल के इस कोर्स में शुरू में 20 सीटें होंगी।
आईआईटी के अनुसार, यह कार्यक्रम उन रचनात्मक लोगों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है जो अपने आसपास की सामाजिक-तकनीकी प्रणालियों को समझने और इन प्रणालियों में मौजूद समस्याओं के लिए समाधान तैयार करने पर ध्यान केंद्रित करते हैं। बीटेक डिजाइन करने वाले छात्र इस कोर्स में प्रचलित तकनीकों, व्यवस्थित डिजाइन, सामाजिक-तकनीकी प्रणालियों के विश्लेषण के लिए शोध विधियों, संचार और प्रस्तुति कौशल व टीम वर्क के बारे में जान सकेंगे।
आईआईटी दिल्ली में साइंस, इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, ह्यूमेनिटि्ज, सोशल साइंस और पॉलिसी वाले कई विभाग, सेंटर और स्कूल हैं। यह कोर्स डिजाइन डिपार्टमेंट और अन्य विभागों, सेंटरों और स्कूलों के बीच आसान सहयोग और साझेदारी को बढ़ाएगा। आईआईटी दिल्ली में बीटेक इन डिजाइन में प्रोडक्ट डिजाइन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसका उद्देश्य स्टूडेंट्स को इस तरह से तैयार करना है कि कोर्स पूरा करने के बाद वे उद्योग और समाज में समस्याओं का समाधान करने में सक्षम हों।
आईआईटी दिल्ली में डिजाइन विभाग के एचओडी प्रो. ज्योति कुमार ने कहा कि हमारी उम्मीद है कि आईआईटी दिल्ली से बीटेक इन डिजाइन की डिग्री मिलने के बाद स्टूडेंट्स बिजनेस, शिक्षा, पॉलिटिक्स, कंसल्टेंसी और उद्यमिता में लीड करेंगे। यह प्रोग्राम स्टूडेंट्स को अलग करियर पथों का यूज करने के लिए पर्याप्त विकल्प और आजादी देगा।




Add comment