
दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने अंडरग्रेजुएट कोर्स के लिए एकेडमिक कैलेंडर जारी कर दिया है। अंडरग्रेजुएट के फर्स्ट सेमेस्टर की क्लासेस 29 अगस्त से शुरू होंगी, जबकि सेकंड सेमेस्टर की क्लासेस 27 जनवरी से शुरू होंगी। हालांकि नया सत्र मूल रूप से 1 अगस्त से ही शुरू होने वाला था, लेकिन कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET) के अंकों की घोषणा में देरी की वजह से नए सेशन को स्थगित कर दिया गया था। ऐसे में पहले सेमेस्टर में शामिल होने वाले छात्रों के लिए शैक्षणिक कैलेंडर में बदलाव करना पड़ा।
दिल्ली यूनिवर्सिटी के डीन ऑफ एडमिशन प्रोफेसर हनीत गांधी ने पहले कहा था कि सभी के लिए नया सत्र 1 अगस्त से शुरू होगा, बस पहले सेमेस्टर में शामिल होने वाले छात्रों छोड़कर। उन्होंने कहा था कि उनकी क्लासेस अगस्त के तीसरे सप्ताह से शुरू करेंगे, लेकिन अब क्लासेस को महीने के आखिरी हफ्ते तक पहुंचा दिया गया है। स्नातक प्रथम वर्ष के छात्रों के लिए बहुप्रतीक्षित शैक्षणिक कैलेंडर जारी कर दिया गया है, जिनका सत्र 2024-2025 है। इस बार प्रवेश लेकर इस विश्वविद्यालय में आने वाले छात्रों की कक्षाएं यूजी के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 अगस्त से शुरू होंगी। इस सत्र के स्नातक पाठ्यक्रमों का शैक्षणिक सत्र अगले वर्ष 7 जून को समाप्त होगा।
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी यानी एनटीए ने 28 जुलाई को कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी-यूजी) के परिणाम घोषित किए थे, जबकि पहले माना जा रहा था कि सीयूईटी-यूजी के परिणाम 30 जून तक घोषित होंगे, लेकिन नीट-यूजी में अनियमितताओं को लेकर रिजल्ट आने में एक महीने की देरी हो गई।




Add comment