Edinbox Hindi

चार में से एक देश ने स्कूलों में स्मार्टफोन पर लगाया प्रतिबंध, संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट में खुलासा 

कई सारे शोधों से इस बात की पुष्टि हुई है कि मोबाइल फोन का इस्तेमाल छात्रों पर नकारात्मक असर डाल रहा है। चाह कर भी वे इसके नकारात्मक प्रभाव से खुद को नहीं बचा पा रहे हैं। हालांकि तकनीक के अत्यधिक इस्तेमाल से पड़ने वाले नकारात्मक प्रभाव से उन्हें बचाने के कई प्रयास किए जा रहे हैं। यहां तक कि स्मार्टफोन के उपयोग पर चार में से लगभग एक देश ने स्कूलों में प्रतिबंध लगा दिया है। इस बात का खुलासा संयुक्त राष्ट्र की वैश्विक शिक्षा निगरानी (जीईएम) रिपोर्ट से हुआ है। इसमें बताया गया है कि बड़े पैमाने पर प्रौद्योगिकी के उपयोग का छात्रों के प्रदर्शन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।

संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) द्वारा शिक्षा में प्रौद्योगिकी पर प्रकाशित रिपोर्ट में बताया गया कि मूल्यांकन डाटा से यह जानकारी मिली कि जिन छात्रों के पास मोबाइल डिवाइस हैं, उनकी सीखने-समझने की क्षमता और उनके ध्यान लगाने की शक्ति पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। इसमें सुझाव दिया गया है कि स्मार्टफोन सहित प्रौद्योगिकी का उपयोग कक्षाओं में केवल तभी होना चाहिए, जब इससे कुछ सीखा जाए।

संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कोराना काल में स्मार्ट फोन का इस्तेमाल काफी बढ़ा था। रातों-रात पूरी शिक्षा प्रणाली में ऑनलाइन पढ़ाई शुरू हो गई। कक्षाओं में कागज की जगह स्क्रीन ने ले ली और पेन की जगह कीबोर्ड ने। डिजिटल तकनीक को अपनाने से शिक्षा और सीखने में कई बदलाव हुए हैं। अंतर्राष्ट्रीय मूल्यांकन डेटा, जैसे कि अंतर्राष्ट्रीय छात्र मूल्यांकन कार्यक्रम (PISA) ने बताया कि अत्यधिक ICT (सूचना संचार प्रौद्योगिकी) के उपयोग से छात्र के प्रदर्शन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है।

रिपोर्ट के अनुसार,  मोबाइल पर आने वाली सूचनाएं या मोबाइल डिवाइस की मात्र निकटता एक ध्यान भटकाने वाली चीज हो सकती है, जिससे छात्र अपने काम से अपना ध्यान हटा लेते हैं। 14 देशों में प्री-प्राइमरी से लेकर उच्च शिक्षा तक के छात्रों के मोबाइल फोन के उपयोग और शैक्षिक परिणामों के बीच संबंधों पर शोध के मेटा-विश्लेषण में एक छोटा नकारात्मक प्रभाव दिखा, जो विश्वविद्यालय स्तर पर काफी बड़े स्तर पर पहुंच जाता है। कक्षाओं में स्मार्टफोन के उपयोग से छात्र गैर-विद्यालय से संबंधित गतिविधियों में संलग्न हो जाते हैं। 

रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि एक अध्ययन में पाया गया है कि गैर-शैक्षणिक गतिविधि में संलग्न होने के बाद छात्र जो कुछ भी सीख रहे थे, उस पर फिर से ध्यान केंद्रित करने में 20 मिनट तक का समय लग सकता है। घर और स्कूल में प्रौद्योगिकी के उपयोग को निम्न, मध्यम या उच्च के रूप में वर्गीकृत करके, एक सीमा से अधिक गहन उपयोग को अक्सर घटते हुए शैक्षणिक प्रदर्शन के साथ सहसंबद्ध पाया गया, जबकि मध्यम उपयोग को अक्सर सकारात्मक शैक्षणिक परिणामों के साथ जोड़ा गया। डेटा विश्लेषण ने स्कूल में सोशल मीडिया के उपयोग से डिजिटल रीडिंग प्रदर्शन को नकरात्मक बताया है।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed