Edinbox Hindi

ओडिशा के स्कूल में मिड डे मील में मिली मृत छिपकली, खाना खाकर 50 से ज़्यादा छात्र हुए बीमार 

ओडिशा के बालासोर में बृहस्पतिवार को मिड डे मील खाने से कई स्कूली बच्चों की तबीयत खराब हो गई। बताया गया कि भोजन में मरी हुई छिपकली मिली थी। घटना के बाद बच्चों को मतली और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। पहले 2 स्कूली छात्रों को आनन-फानन में सोरो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। उसके बाद कई और बच्चों ने तबियत ख़राब होने की शिकायत की और उन्हें अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में भारी भीड़ और अफरातफरी का माहौल बन गया। बच्चों के परिजनों को मामले की सूचना दी गई।

घटना बालासोर के शिकरपुर गांव के उदयनारायण हाई स्कूल की है। मिड डे मील में मरी हुई छिपकली वाला खाना खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। सोरो के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में बच्चों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही विधायक माधब ढाडा और स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य बच्चों का हालचाल जानने अस्पताल पहुंच गए। 

विधायक माधब ढाडा ने कहा, “मैंने सीएचसी के डॉक्टरों से अनुरोध किया है कि वे छात्रों को उचित देखभाल प्रदान करें। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी और कलेक्टर को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।”

स्कूल की प्रधानाध्यापिका कबिता सोरेन ने कहा, “खाना बनाने के लिए रसोइया और सहायक दोनों जिम्मेदार थे।” 

दरअसल, स्कूल के रसोइए द्वारा तैयार दाल और चावल छात्रों को परोसा गया था। हालांकि रसोइए को चावल में मृत छिपकली होने का जल्द ही पता चल गया था। लेकिन तब तक 100 से ज़्यादा छात्र भोजन खा चुके थे। प्रधानाध्यापिका कबिता सोरेन को जैसे ही इस सम्बन्ध में सूचित किया गया, उन्होंने भोजन परोसने को रोकने का आदेश भी दे दिया। लेकिन तब तक 50 से अधिक छात्र मृत छिपकली वाला मध्याह्न भोजन खाने के बाद बीमार पड़ चुके थे। 

पहले कक्षा चार और पांच  के दो छात्रों को मतली और पेट दर्द की शिकायत हुई और उन्हें इलाज के लिए सोरो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया। बाद में कई और छात्रों ने भी जब बीमारी की शिकायत की, तो उन्हें भी CHC ले जाया गया।
डॉक्टरों ने छात्रों को घबराने से मना किया और बताया कि कुछ छात्रों को छुट्टी दे दी गई है और अन्य का इलाज चल रहा है।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed