Edinbox Hindi

कोलकाता में महिला डॉक्टर की हत्या के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन, सीएम ममता ने दोषी के लिए मांगी मौत की सजा 

पश्चिम बंगाल के कोलकाता में राज्य सरकार द्वारा संचालित आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जूनियर महिला डॉक्टर की हत्या के खिलाफ वामपंथी छात्र संगठन आज सड़कों पर उतर आए और विरोध-प्रदर्शन किया। हत्या के विरोध में उन्होंने पूरे पश्चिम बंगाल में सड़क जाम किया। इस विरोध-प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ता भी शामिल हुए। मृतक के परिवार को न्याय दिलाने के लिए नर्सों ने भी रैली निकाली। वहीं भाजपा ने राज्य सरकार पर इस मामले को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाते हुए इस मामले में सीबीआई जांच की मांग की है। उसका कहना है कि महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की गई। इस बीच सीएम ममता बनर्जी ने पीड़ित परिवार से आज मुलाकात की और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने का ऐलान किया। साथ ही उन्होंने दोषी के लिए फांसी की सजा की मांग की है।

गौरतलब है कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज में पोस्ट ग्रेजुएट की द्वितीय वर्ष की छात्रा का शव इमरजेंसी बिल्डिंग की तीसरी मंजिल में सेमिनार हॉल से अर्धनग्न अवस्था में  बरामद किया गया था। उसके शरीर में चोट के निशान थे। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया है। साथ ही राज्य सरकार ने इस मामले की जांच के लिए 11 सदस्यीय समिति का गठन किया है। लेकिन मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई है। उन्होंने यह भी कहा है कि इस मामले में सच्चाई को छिपाने का प्रयास किया जा रहा है। 

बहरहाल, पुलिस ने भी इस मामले में आत्महत्या की संभावना से इनकार किया हैऔर कहा है कि महिला डॉक्टर की यौन उत्पीड़न के बाद हत्या की गई। इस मामले में जांच के लिए कोलकाता पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। इस बीच, आर जी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पीजीटी चिकित्सकों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए आपातकालीन वार्ड को छोड़कर सभी विभागों में काम करना बंद कर दिया है।   

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed